-नवंबर की शुरुआत होते ही बढ़ने लगा प्रदूषण का स्तर, रेड जोन में किया गया दर्ज
-नोएडा का एक्यूआई 348 और ग्रेनोे का 340 रहा, स्मॉग से विजिबिलिटी हुई कम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नवंबर की शुरुआत होते ही प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है। रविवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) फिर रेड जोन में दर्ज किया गया। ऐसे में रविवार को नोएडा देश का छठा और एनसीआर का चौथा सबसे प्रदूषित शहर रहा। नोएडा का एक्यूआई रेड जोन में 348 और ग्रेनोे का एक्यूआई 340 रहा। जबकि पिछले दो दिन से प्रदूषण से हल्की राहत मिली हुई थी। 31 अक्तूबर को नोएडा का एक्यूआई येलो जोन में 163 और 1 नवंबर को 292 ऑरेंज जोन में दर्ज हुआ था। वहीं, रविवार से प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक इन दिनों पश्चिम-उत्तर और पश्चिम दिशा से चल हवाओं की गति रविवार को 10 से 15 किमी प्रतिघंटे रही। इसके साथ ही प्रदूषण की धुंध और कोहरे के मिश्रण से बने स्मॉग की वजह से विजिबिलिटी बहुत कम हो गई है। ऐसे में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। रविवार को नोएडा के अंदर बने एयर मॉनिटरिंग स्टेशनों की रिपोर्ट के मुताबिक भी एक्यूआई बहुत अधिक रहा। ऐसे में सेक्टरों के अंदर की हवा सांस लेने लायक नहीं थी। ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रेप) का दूसरा चरण लागू है लेकिन प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है।
सेक्टर-125 रहा सबसे प्रदूषित
रविवार को नोएडा का सेक्टर-125 सबसे प्रदूषित रहा। यहां का एक्यूआई 343 दर्ज किया गया। जो अन्य एयर मॉनिटरिंग स्टेशन से अधिक रहा। वहीं, दूसरा सबसे प्रदूषित सेक्टर-116 का एक्यूआई 341 दर्ज किया गया। ऐसे में सेक्टर 116 क्षेत्र में पीएम 2.5 का स्तर 341 और पीएम 10 का स्तर 272 पाया गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
सेक्टर-125 नोएडा - 343
सेक्टर-62 नोएडा - 324
सेक्टर-1 नोएडा - 329
सेक्टर-116 नोएडा - 341
नॉलेज पार्क 3 ग्रेनो - 323
नॉलेज पार्क 5 ग्रेनो - 317
-
दिल्ली 366
गुड़गांव 357
गाजियाबाद 351
नोएडा 348
ग्रेटर नोएडा 340
फरीदाबाद 215