नोएडा प्राधिकरण ने फिल्म सिटी के लिए 500 एकड़ भूमि का प्रस्ताव भेजा
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने फिल्म सिटी बनाने के लिए 500 एकड़ जमीन का प्रस्ताव शासन को भेजा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से फिल्म सिटी के लिए तीनों प्राधिकरणों से जमीन तलाशने को कहा गया है। इसी कड़ी में नोएडा प्राधिकरण ने अपने क्षेत्र में जमीन चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया है। फिलहाल 200 एकड़ जमीन उपलब्ध है। वहीं, 300 एकड़ जमीन खरीदने का फैसला लिया गया है।
प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। फिल्म सिटी के लिए भूमि चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया गया है। फिलहाल 500 एकड़ जमीन पर फिल्म सिटी बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। यह सेक्टर-162, 164, 165 और 166 में है। उन्होंने कहा कि 200 एकड़ जमीन उपलब्ध है और बाकी भूमि खरीदनी होगी। इसके लिए प्राधिकरण के अधिकारी किसानों से संपर्क करेंगे, ताकि फिल्म सिटी बनाने का सपना साकार हो सके। हालांकि, इससे पहले नोएडा प्राधिकरण लैंड बैंक बनाने के लिए जमीन का अधिग्रहण और खरीदने का प्रयास कर रहा है। प्राधिकरण के कर्मी गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क कर रहे हैं और उनको जमीन बेचने के लिए तैयार कर रहे हैं। ताकि विकास की गति को आगे बढ़ाया जा सके।