- जिले में 76 शिक्षकों ने ही जमा की फीस, एक सप्ताह में नहीं आया नया आवेदन
नोएडा। प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत बीएड योग्यताधारी शिक्षकों के छह माह के ब्रिज कोर्स के लिए दोबारा आवेदन शुरू होने के बावजूद शिक्षकों की रुचि नहीं बढ़ रही है। पिछले एक सप्ताह में गौतमबुद्ध नगर से एक भी नया आवेदन नहीं आया है। जिले में अब तक 76 शिक्षकों ने ही कोर्स के लिए फीस जमा की है। वहीं, प्रदेशभर में आवेदन की संख्या 67,794 पहुंच गई है।
एनआईओएस के आंकड़ों के अनुसार, पिछले चरण में प्रदेशभर से 67,529 आवेदन प्राप्त हुए थे। दोबारा आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब तक केवल 265 आवेदन बढ़े हैं। गौतमबुद्ध नगर में फीस जमा करने वाले शिक्षकों की संख्या 76 पर ही बनी हुई है। आसपास के जिलों में गाजियाबाद के 36, हापुड़ के 56 और शामली के 47 शिक्षकों ने फीस जमा की है। प्रदेश में सबसे अधिक 1,305 आवेदन सीतापुर जिले से आए हैं।
एनआईओएस की ओर से संचालित छह माह का ब्रिज कोर्स प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत बीएड योग्यताधारी शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह पाठ्यक्रम उन शिक्षकों के लिए निर्धारित है, जिनकी नियुक्ति प्राथमिक विद्यालयों में 28 जून 2018 के बाद और 11 अगस्त 2023 से पहले हुई थी। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में पात्र शिक्षकों के लिए यह कोर्स निर्धारित किया गया है। शिक्षकों को पाठ्यक्रम शुरू होने की तिथि से एक वर्ष के भीतर इसे पूरा करना होगा। ब्यूरो