चोपटा। मंदिर में बच्चे पढ़ाई करते हुए। संवाद
चोपटा। क्षेत्र के गांव शक्करमंदोरी के राजकीय कन्या मिडल स्कूल, राजकीय कन्या प्राथमिक स्कूल और राजकीय प्राथमिक स्कूल बारिश के पानी के कारण जलमग्न हो चुके हैं। तीन से चार फीट पानी भर गया है, जिसे पंचायती स्तर पर निकालने का काम जारी है। स्कूल के बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। इसलिए बुधवार को स्कूल खुलने पर शिक्षकों ने गांव के हनुमान मंदिर व बाबा रामदेव मंदिर में बच्चों की पढ़ाई करवाई।
गांव शक्करमंदोरी के तीनों स्कूलों का चोपटा खंड के खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार सचदेवा ने बुधवार को निरीक्षण किया। शिक्षकों ने स्कूलों से पानी निकालने का अनुरोध करते हुए पाइप व पंप सेट की मांग रखी। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार सचदेवा ने तुरंत प्रभाव से मांग पूरी करने का आश्वासन देते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए जल्द से जल्द स्कूल से पानी निकाला जाएगा।
इस प्रकार हैं स्कूलों के हालात
गांव के तीनों स्कूलों में तीन से चार फीट तक पानी जमा हो चुका है। स्कूल के कमरे नीचे होने के कारण उनमें पानी भर गया है। कमरे जर्जर हैं और शौचालयों की गंदगी बारिश के पानी के साथ स्कूल में फैल गई है। इस कारण बदबू भरा माहौल बन गया है। बीमारी फैलने की भी आशंका बनी हुई है। स्कूल में भारी बारिश होने पर हर बार पानी भरता है। इसके बाद अध्यापकों को गांव के मंदिर व शेड के नीचे कक्षाएं लगानी पड़ रही हैं।