नोएडा-दिल्ली लिंक रोड पर लगा जाम।
नोएडा। गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों के धरने की वजह से बंद एनएच-9 पर अधूरी राहत मिली है। दिल्ली की ओर से गाजियाबाद आने वाला रास्ता खोल दिया गया है, लेकिन गाजियाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाला रास्ता अभी बंद है। मॉडल टाउन गोल चक्कर पर रूट डायवर्जन से नोएडा की परेशानी बरकरार है। सोमवार को भी दिल्ली जाने वाले वाहनों का दबाव शहर की सड़कों पर रहा। इससे जाम जैसे हालात बने रहे।
दिल्ली की ओर से आने वाला मार्ग 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान हुए बवाल के बाद बंद कर दिया गया था। इसे अब खोल दिया गया है। इससे दिल्ली से गाजियाबाद और हापुड़ की ओर आने वाले लोगों को राहत मिली है। हालांकि, गाजियाबाद और हापुड़ की ओर से दिल्ली जाने वाले वाहन अब भी नोएडा होकर जा रहे हैं। इसकी वजह से मॉडल टाउन गोल चक्कर, सेक्टर-60 अंडरपास चौराहा, एलिवेटेड रोड, दिल्ली-नोएडा लिंक रोड, डीएनडी फ्लाईवे और कालिंदी कुंज क्रॉसिंग पर जाम जैसे हालात बने रहे।
इंदिरापुरम के लिए भी नोएडा का विकल्प
पिछले सप्ताह एनएच-9 पर मॉडल टाउन गोल चक्कर के पास बंद रास्ते की दो लेन खोली गई थीं, ताकि गाजियाबाद और हापुड़ की ओर से इंदिरापुरम जाने वाले वाहन नोएडा में प्रवेश न करें और हाईवे से सीधे जाकर शिप्रा सनसिटी के आगे अंडरपास से यू-टर्न लेकर जा सकें। इसके बाद भी लोग नोएडा के रास्ते ही मॉडल टाउन अंडरपास के अंदर से होकर इंदिरापुरम जा रहे हैं। इससे जाम की समस्या बढ़ रही है।
बेरोकटोक दौड़ रहे गाजियाबाद के ऑटो
गाजियाबाद के ऑटो बेरोकटोक नोएडा की सड़कों पर दौड़ रहे हैं। सोमवार को मॉडल टाउन गोल चक्कर पर नियमों का उल्लंघन कर रहे ऑटो वालों पर कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की गई। लाइन लगाए गाजियाबाद नंबर के ऑटो नोएडा की सीमा में जाम की समस्या को बढ़ा रहे थे। महज तीन से चार ऑटो पर कार्रवाई कर ट्रैफिक पुलिस कर्मी चलते बने।