नगीना। हरियाणा प्रदेश में विधानसभा चुनाव का आखिरी दौर चल रहा है लेकिन किसी भी पार्टी ने मेवात क्षेत्र से गुजरने वाले गुरुग्राम से नूंह वाया नगीना-अलवर हाईवे 248 को चुनावी मुद्दा नहीं बनाया है। मजबूरन लोगों ने सड़कों के किनारों पर खूनी हाईवे लिखना शुरू कर दिया है ताकि पार्टियों के प्रत्याशियों का ध्यान आकर्षित किया जा सके। वैसे हाईवे के चौड़ीकरण के लिए कई दशक से सामाजिक संस्थाएं संघर्ष करती आ रही है। हाल में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जरूर मेवात में हुई एक रैली में चार अन्य मांगों पर सहमति जताई लेकिन हाईवे चौड़ीकरण की बात पर खामोश रहे। गालिब मौजी फाउंडेशन के सदस्य अलीजान एडवोकेट का कहना है कि बीते वर्ष 7 दिन तक धरना किया था इस वर्ष 3 दिन धरना हो चुका है फिर भी किसी पार्टी ने इसे अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल नहीं किया है। चुनाव में जुटे उम्मीदवार भी प्रचार के दौरान हाइवे को फोरलेन बनाने के वादे से कतरा रहे हैं। हाइवे पर सालाना करीब 300 मौतें हो रही है।
उपाध्यक्ष कवि इलियास प्रधान कहते हैं कि किसी भी सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया हालांकि मौजूदा सरकार के मंत्री नितिन गडकरी, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह से मिलकर हाईवे चौड़ीकरण की गुहार कई बार लगाई जा चुकी है। समाजसेवी मौलाना साबिर कासमी नाईनंगला कहते है कि गुरुग्राम से सोहना तक ये हाइवे छह लेन बनाया जा रहा है मेवात शुरू होते ही निर्माण कार्य मंजूर नहीं दी। जबकि नीति आयोग ने नूंह मेवात को देश का सबसे पिछड़ा इलाका बताया है।
1300 मौतों का जिम्मेदार कौन :
जनवरी 2013 से 16 अक्तूबर 2019 तक जिले में 3100 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। दुर्घटनाओं में 1302 लोगों की मौत हुई तथा 3025 लोग घायल हुए। पिछले कुछ वर्ष में नूंह जिले के अंदर सड़क दुर्घटनाओं में मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ने से सत्ता पक्ष और विपक्ष के लोग आपस में एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराते रहे हैं।
2008 में रखी गई आधारशिला :
साल 2014 में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की तरफ से गुरुग्राम-नूंह-अलवर हाईवे 248 का दर्जा दिया गया था। फोरलेन बनाने के लिए 3 नवंबर 2008 को तत्कालीन केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी ने हाईवे चौड़ीकरण की आधारशिला रखी थी।
घोषणा पत्र में नहीं हाइवे :
भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप देशवाल आर्य ने कहा कि हमारे घोषणा पत्र में हाईवे का चौड़ीकरण नहीं है। एक्सप्रेस हाईवे बनने से गुरुग्राम, नगीना, फिरोजपुर झिरका व अलवर हाईवे पर यातायात कम हो जाएगा, सरकार इसलिए नहीं बना रही। लोगों की मांग है तो सरकार से इसे बनाने के लिए अनुरोध किया जाएगा। कांग्रेस नेता याकूब मुरली का कहना है कि हमारी सरकार प्रदेश में आई तो हाईवे चौड़ीकरण होगा।