वर्ष 2024 में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक लिया गया था प्लान मांगने का फैसला
जिला स्तरीय समिति ने जांच भी शुरू की, लेकिन 20-30 उद्योगों तक ही जांच सिमटकर रह गई
लापरवाही के कारण आज भी उद्योगों से लेकर सोसाइटियों में आग की बड़ी-बड़ी घटनाएं हो रहीं
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने दो साल पहले सभी मॉल, सोसाइटियों, अस्पतालों और उद्योगों से डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान मांगा था, लेकिन अब तक किसी ने भी प्लान जमा नहीं कराया है। साथ ही तब सभी जगह आग बुझाने के इंतजाम की भी जांच होनी थी। जिला स्तरीय समिति ने जांच भी शुरू की, लेकिन 20-30 उद्योगों तक ही जांच सिमटकर रह गई। इस लापरवाही के कारण आज भी उद्योगों से लेकर सोसाइटियों में आग की बड़ी-बड़ी घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन की लापरवाही से लोगों में रोष है।
जिले में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस पर नवंबर 2024 को कलेक्ट्रेट के सभागार में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक बुलाई गई। तत्कालीन डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की जिसमें मॉल, कारखाने, अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और आवासीय सोसाइटियों में आग बुझाने के इंतजाम की जांच करने का फैसला लिया गया। दमकल विभाग को इसकी जिम्मेदारी दी। जिला स्तरीय समिति बनाकर उद्योगों की जांच भी शुरू की गई, लेकिन 20 से 30 उद्योगों तक सिमट गई। जांच के दौरान इन उद्योगों में काफी खामियां मिलीं। इन उद्योगों को नोटिस जारी कर सुधार का मौका दिया गया, लेकिन उसके बाद सुधार की जांच नहीं हो सकी। वहीं मॉल, अस्पतालों और कारखानों के साथ सभी आवासीय सोसाइटियों का डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान भी तैयार कराने का फैसला हुआ था। इस संबंध में सभी को आदेश भी जारी किया गया, लेकिन दो साल बीत चुके हैं और अब तक किसी ने प्लान जमा नहीं कराया है। प्रशासन ने भी इस पर संज्ञान नहीं लिया है। किसी तरह की कार्रवाई भी नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि इस लापरवाही के कारण हादसों में इजाफा हुआ है। लगातार आग लग रही है। ज्यादातर जगह आग बुझाने के इंतजाम नाकाफी मिले हैं।
जिले में आग लगने की कुछ प्रमुख घटनाएं
नवंबर 2024 : औद्योगिक सेक्टर साइट-4 में सोफे बनाने वाली कंपनी में आग लगने से तीन श्रमिकों की मौत।
जून 2026 : नोएडा के सेक्टर-74 की आईवी काउंटी सोसाइटी के एक टावर में 12वीं मंजिल के फ्लैट पर लगी भीषण आग।
जून 2026 : सेक्टर-52 स्थित एक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के एक रेस्तरां में लगी आग, ऊपरी मंजिल पर स्थित पीजी में फंसे 15 लोगों को बचाया।
जून 2026 : नोएडा के लोट्स ब्लूबर्ड के एक फ्लैट में आग। फंसे दो लोगों को बाहर निकाला। मई में भी एक फ्लैट में आग लगी थी।
मई 2026 : ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र की एक कंपनी में लगी आग, कर्मचारियों को किया गया रेस्कयू।
डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान को लेकर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में बैठक होगी जिसमें सभी मॉल, अस्पताल, उद्योग आदि क्षेत्र के लोगों को बुलाया गया है। सभी जगह नियमों का पालन कराया जाएगा। अगर किसी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-अजीत कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)