-नंद नगरी इलाके की घटना, बी-वन पार्क में मिला था शव
-पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नंद नगरी इलाके में ई-रिक्शा चालक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस को आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। युवक की पहचान उत्तम नगर निवासी सन्नी के रूप में हुई है। शनिवार शाम नंद नगरी के बी वन पार्क में उसका शव मिला था। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। परिवार वालों ने सन्नी की किसी से कोई दुश्मनी की बात से इंकार किया है। उनका कहना है कि किसी ने फोन कर उसे नंद नगरी इलाके में बुलाया था।
उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6.57 बजे पुलिस के बी-वन पार्क में एक युवक की खून से लथपथ शव पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। उसके पास से मिले दस्तावेज से मृतक की पहचान हुई। पुलिस ने मौके पर छानबीन करने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया। जांच में पता चला कि सन्नी पहले अपने परिवार के साथ नंद नगरी इलाके में रहता था। कुछ महीना पहले वह उत्तम नगर में शिफ्ट किया था। वह पेशे से ई-रिक्शा चालक है। परिवार वालों ने बताया कि शनिवार को सन्नी को नंद नगरी से किसी का कॉल करके बुलाया था।
शाम करीब पांच बजे उसकी परिजनों से बात हुई थी। जिसमें उसने बताया कि वह नंद नगरी आया हुआ है और कुछ देर में यहां से उत्तम नगर के लिए निकलेगा। लेकिन बाद में परिवार वालों ने उसके फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो बंद आ रहा था। फिर पुलिस की ओर से उन्हें सन्नी की गोली मारकर हत्या करने की बात कही गई। परिवार वालों ने बताया कि सन्नी का किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच करने के साथ उस व्यक्ति की पहचान कर रही है, जिसने सन्नी को फोन कर नंद नगरी बुलाया था।