संवाद न्यूज एजेंसी
सनौली। सनौली थाना क्षेत्र में कुराड़ फार्म के पास फैक्टरी में काम करते हुए श्रमिक की मौत के 21 दिन बाद भी कार्रवाई न होने पर परिजनों ने समालखा विधायक से शिकायत दी। विधायक ने एसएचओ को फोन पर कार्रवाई न होने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकरण में कार्रवाई नहीं हुई तो वह परिवार के साथ थाने के सामने धरने पर बैठ जाएंगे। एसएचओ ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सनौली थाना क्षेत्र के रिशपुर गांव के गुरदीप, जसविंद्र, मोहकम, अंशुल और नरेंद्र ने समालखा विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को गुरचरण सिंह कुराड फार्म के पास एक फैक्टरी में सोलर प्लेट साफ कर रहे थे। उसी समय उनकी पैनल से गिरने से मौत हो गई थी। इस मामले में थाना सनौली में फैक्टरी मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। लेकिन अभी तक इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई कार्रवाई नहीं की।
फैक्टरी में गिरने से एक युवक की मौत हुई थी। मामले में जांच चल रही है। परिजनों ने फैक्टरी मालिक के साथ बैठक भी की। जल्द कार्रवाई की जाएगी।
-वेदपाल, प्रभारी थाना सनौली