बंद हो जाएगी एनएमआरसी की सिटी बस सेवा
नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) की सिटी बस सेवा अब हमेशा के लिए बंद हो जाएगी। एनएमआरसी की बोर्ड बैठक में सिटी बस सेवा चलाने वाली कंपनी एंपायर ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (ईटीएसएल) के साथ करार खत्म करने को लेकर सहमति बन गई। अब कानूनी राय लेने और ड्राफ्ट बनाने के बाद अंतिम मुहर लगते ही करार खत्म हो जाएगा। बता दें कि कोरोना के कारण पहले से लोगों को सिटी बस सेवा का लाभ नहीं मिल रहा है।
एनएमआरसी की सिटी बस सेवा की शुरुआत दिसंबर 2016 में हुई थी। 50 बसों के बेड़े के साथ योजना की शुरू की गई थी। उस समय इसे वर्ल्ड क्लास सिटी बस सेवा का नाम देते हुए चलाया गया था। बसें चलाने के लिए यूपीएसआरटीसी को कंसलटेंट नियुक्त किया गया था। उस समय से लेकर अब तक सिटी बस सेवा चलाने की वजह से एनएमआरसी को प्रत्येक माह तीन से चार करोड़ का घाटा हो रहा था। इसके अलावा करार के उल्लंघन के आरोप भी लगे थे। इसके बाद संभावना जताई जा रही थी कि एनएमआरसी कोई कड़ा कदम उठा सकती है। बृहस्पतिवार को बोर्ड बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। इसमें सिटी बस सेवा के करार को खत्म करने पर सहमति बनी, लेकिन बोर्ड ने एमडी को अधिकृत करते हुए इस मसले में कानूनी राय लेकर ही कार्रवाई को कहा है।
इस बाबत एनएमआरसी की एमडी रितु माहेश्वरी का कहना है कि सिटी बस सेवा में पहले से ही घाटे हो रहा था। वहीं सेवा के दौरान करारनामे के उल्लंघन के भी आरोप लगे थे। इसमें बसों को मनमाने तरीके से कहीं भी खड़े करने सहित कई अन्य आरोप हैं। बोर्ड बैठक में करार खत्म करने पर सहमति बन गई है, लेकिन इस मसले में कानूनी राय सहित दूसरे पहलुओं को भी देखना होगा। इसके बाद करार खत्म करने पर अंतिम मुहर लग सकेगी।
26वीं बोर्ड बैठक संग हुई छठवीं वार्षिक आम सभा
सेक्टर-29 स्थित एनएमआरसी मुख्यालय में 26वीं बोर्ड बैठक के साथ छठवीं वार्षिक आम सभा भी आयोजित हुई। बोर्ड बैठक में कई अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया। इसमें केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव व एनएमआरसी के चेयरमैन कामरान रिजवी, एनएमआरसी की एमडी रितु माहेश्वरी, एनएमआरसी के निदेशक श्याम सुंदर दुबे, निदेशक जयदीप, निदेशक आलोक कुमार, एनएमआरसी के निदेशक और ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण, निदेशक भुवनेश कुमार और निदेशक विनय कुमार सिंह के अलावा एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक प्रवीण कुमार मिश्र, महानिदेशक वित्त पंकज मल्होत्रा, महानिदेशक तकनीकी मनोज वाजपेयी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बोर्ड बैठक में एनएमआरसी की वित्त व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।