सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन और ग्रेनो डिपो से बोडाकी तक मेट्रो लाइन के लिए टेंडर जारी करने की तैयारी शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने एक्वा लाइन के दो नए रूट पर काम शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोडाकी तक मेट्रो लाइन के लिए टेंडर जारी करने की तैयारी शुरू हो गई है। यदि पहली बार में ही एजेंसी का चयन हो गया तो दिवाली के आसपास निर्माण कार्य शुरू हो सकता है।
आवासन एवं शहरी विकास मंत्रालय (महुआ) से दोनों रूट को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 के बीच बनने वाली लाइन की लंबाई 11.56 किलोमीटर होगी। इस मार्ग पर आठ स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना की अनुमानित लागत 2254.35 करोड़ रुपये है।
वहीं, मौजूदा एक्वा लाइन को ग्रेटर नोएडा डिपो से बोडाकी रेलवे स्टेशन तक विस्तार दिया जाना है। इसकी लंबाई लगभग 2.6 किलोमीटर है। इस पर दो स्टेशन प्रस्तावित हैं। इस रूट के निर्माण पर 416 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। एनएमआरसी अधिकारियों ने बताया कि टेंडर की शर्तों को लेकर आई आपत्तियों का निपटारा कर फाइनल ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। नोएडा मेट्रो के कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर सिंह ने बताया कि टेंडर जारी करने के लिए तैयारियां चल रहीं हैं।