ताइवान में आयोजित वर्ल्ड ताइची चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी।
लखनऊ। नाैवीं वर्ल्ड ताइची प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को खेलते हुए भारतीय खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर धमाकेदार प्रदर्शन किया। ताइवान की राजधानी ताइपे में आयोजित हुई इस नाैवीं विश्व ताइची प्रतियोगिता में 22 देशों के 3000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय ताइची और पुश हैंड खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
कुंग फू फेडरेशन ऑफ इंडिया की महासचिव मंजू त्रिपाठी ने बताया कि दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 25 और 26 अक्तूबर को ताइपे में ताइपे एरिना मल्टीस्टोरी स्टेडियम में हुआ था। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन वर्ल्ड ताइची फेडरेशन के अध्यक्ष ग्रैंडमास्टर मिस्टर ये वेन क्वान ने किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आठ सदस्यीय भारतीय टीम अंतराष्ट्रीय कोच ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, मंजू, आकाश आनंद, संस्कृति, खुशी, श्रुति सिंह और निर्भय राज 21 अक्तूबर को पहुंचे थे। प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को यांग स्टाइल ताइची में आकाश आनंद ने स्टाइल ताई ची पुरुष वर्ग में एक स्वर्ण, यांग स्टाइल ताई ची स्टिक में एक स्वर्ण , फिक्स्ड पुश हैंड पुरुष वर्ग में एक रजत पदक व ताई ची फॉर्म पुरुष वर्ग कांस्य पदक जीत कर कुल चार पदक प्राप्त किए। फिक्स्ड पुश हैंड पुरुष वर्ग में निर्भय राज ने एक स्वर्ण जीता। संस्कृति त्रिपाठी ने यांग स्टाइल ताई ची महिला वर्ग में एक रजत पदक जीता। खुशी त्रिपाठी ने यांग स्टाइल ताई ची स्टिक वर्ग में एक रजत पदक जीता।