केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान होंगे मुख्य अतिथिसंवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) रविवार को अपना 36वां स्थापना दिवस नई दिल्ली स्थित कौशल भवन में मनाएगा। समारोह में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और एनआईओएस की उपलब्धियों तथा नई पहल को आगे बढ़ाने का संदेश देंगे।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय के सचिव संजय कुमार (आईएएस) सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि संयुक्त सचिव प्राची पांडे (आईएएस) विशिष्ट अतिथि होंगी। समारोह का उद्देश्य देशभर में लचीली, सुलभ और समावेशी शिक्षा के प्रति एनआईओएस की प्रतिबद्धता को और मजबूत करना है।
स्थापना दिवस समारोह में एनआईओएस की 36 वर्ष की प्रगति यात्रा को दर्शाती प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री द्वारा नए पाठ्यक्रमों और स्व-अध्ययन सामग्री का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में एनआईओएस के अध्यक्ष प्रो. अखिलेश मिश्र, सचिव, विभिन्न विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।