नवंबर 2014 का मामला, कोर्ट ने 20 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गैर इरादतन हत्या का जुर्म सिद्ध पाए जाने पर अपर सत्र न्यायाधीश विपिन कुमार ने श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र के लखना निवासी सुमेर गौड़ को नौ साल की कठोर कारावास और 20 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड न देने पर दोषी को छह माह का कारावास अलग से भुगतना होगा।
कोर्ट में अभियोजन पक्ष का कहना था कि वादी धर्मेंद्र उपाध्याय सिकरीगंज थाना क्षेत्र के डिगुल पूरा का निवासी है। उसका भाई धर्मवीर उपाध्याय ट्रैक ड्राइवर है और कुशीनगर जिले के कसया निवासी संत यादव उसके ट्रक मालिक हैं। वादी का भाई अक्तूबर 2014 में असम राज्य का भाड़ा लेकर गया था और अपनी मदद के लिए ट्रक ड्राइवर सुमेर गौड़ को साथ लेकर गया था।
गाड़ी खाली करके आते समय रास्ते में 24 हजार रुपये का भाड़ा मिला, जिसकी जानकारी उसने मालिक को नहीं दी। यह बात सुमेर गौड़ ने फोन कर मालिक को बता दी। इसी बात पर वादी के भाई और सुमेर गौड़ में विवाद हो गया और वादी का भाई गाड़ी की चाबी सुमेर गौड़ को देकर गोरखपुर चल दिया। एक नवंबर 2014 को वादी के घर फोन आया कि घायल अवस्था में एक व्यक्ति पार्सल घर पुराना गोदाम के पास मिला है, जिसे आरपीएफ कर्मचारी सदर अस्पताल में इलाज के लिए ले गए है। वादी के भाई की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। दौरान विवेचना अभियुक्त का नाम प्रकाश में आया था।