अभद्र टिप्पणी के आरोप में निक्की की भाभी का मामा गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। सिरसा गांव में विवाहिता की हत्या के मामले में निक्की की मां पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में पुलिस ने निक्की की भाभी के मामा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दादरी के सैनी गांव निवासी महेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है।
सिरसा गांव में दादरी कोतवाली क्षेत्र के रूपवास गांव निवासी निक्की भाटी की जलाकर हत्या कर दी गई थी। निक्की के परिजनों ने आरोप लगाए थे कि दहेज की खातिर निक्की की जलाकर हत्या की गई है। यह हत्या आरोपी पति विपिन, उसकी मां दया, पिता सत्वीर, भाई रोहित ने की है। कासना कोतवाली पुलिस ने मामले में निक्की की बहन कंचन की शिकायत पर केस दर्ज करने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। घटना के बाद से दोनों ही परिवारों की ओर से एक दूसरे पर कई आरोप लगाए गए थे। इस दौरान दोनों ही परिवारों के आरोप प्रत्यारोप के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। निक्की की भाभी मीनाक्षी के मामा महेश द्वारा निक्की की मां पर अभद्र टिप्पणी सोशल मीडिया पर की गई थी। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार का कहना है कि अपमानजनक टिप्पणी के लिए पुलिस ने कार्रवाई की है।