माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में निक्की हत्याकांड मामले में आरोपी पति विपिन भाटी की जमानत याचिका पर कल (सोमवार) यानी 16 फरवरी को जिला अदालत में सुनवाई होगी। इस मामले में अब तक निक्की की सास दया, ससुर सत्वीर, जेठ रोहित को हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है।
बता दें, 21 अगस्त 2025 की शाम पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी पति विपिन भाटी ने निक्की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी थी। इलाज के दौरान निक्की की मौत हो गई थी। आरोप है कि विपिन ने थिनर (ज्वलनशील पदार्थ) डालकर निक्की की जलाकर हत्या की थी। इस मामले में मृतका की बहन कंचन ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिजन ने आरोप लगाया था कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने के साथ सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर ब्यूटी पार्लर का प्रचार करने पर निक्की और उसकी बहन को प्रताड़ित किया जाता था। मामले में आरोपी पति को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। वहीं अन्य तीनों को कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न जगहों से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। मामले में जांच के बाद पुलिस की ओर से जो चार्जशीट दाखिल की गई थी उसमें षडयंत्र के तहत वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई थी। इस मामले में जिला अदालत से जमानत खारिज होने के बाद निक्की की सास, ससुर और जेठ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का रुख किया था। वहीं विपिन की ओर से जमानत के लिए आवेदन किया गया है।