- एआईसीटीई हाईब्रिड क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता के लिए आज मॉक प्रैक्टिस टेस्ट होगा आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने लिखा है कि नेशनल इंटरकॉलेज क्रॉसवर्ड एक्सपेडिशन (एनआईसीई) 2023 क्रॉसवर्ड में रूचि रखने वाले लोगों और खासकर युवाओं को आकर्षित करेगा। उन्होंने क्रॉसवर्ड के साथ अपने दिमाग को चुनौती देने के लिए युवाओं को तैयार रहने का आह्वान किया। पीएम ने कहा कि वे इसमें शामिल होकर प्रमाण-पत्र और पुरस्कार जीतें। इसके लिए दो अप्रैल को मॉक प्रैक्टिस टेस्ट होगा, जिसमें छात्रों को प्रतियोगिता के पैटर्न की जानकारी दी जाएगी।
एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रोफेसर टीजी सीताराम ने बताया कि प्रधानमंत्री का क्रॉसवर्ड मे रूचि रखने वाले लोगों को प्रेरित करना उनके देश व छात्रों के प्रति लगाव को दर्शाता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के लक्ष्यों के अनुरूप पिछले साल यह पहल की गई थी। पिछले साल प्रतियोगिता को मिली पहचान को देखते हुए इसका दूसरा संस्करण आयोजित होने जा रहा है। यह अप्रैल से अगस्त के बीच तीन चरणों में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से होगी। इसमें हिस्सा लेने के लिए देशभर के मान्यता प्राप्त कॉलेज और यूनिवर्सिटीज के छात्र वेबसाइट www.cryplicsingh.com पर नि:शुल्क पंजीकरण कर सकते हैंं। प्रतियोगिता दिल्ली के एनईआईटीआईई और सिविल सोसाइटी की पहल एक्सट्रा-सी की साझेदारी से होगी। वहीं इसका आयोजन अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) कर रही है।
-
माॅक प्रैक्टिस से प्रतियोगिता का डर दूर होगा:
एआईसीटीई के उपाध्यक्ष प्रो. अभय जेरे ने कहा कि मॉक प्रैक्टिस टेस्ट का मकसद छात्रों में प्रतियोगिता का डर दूर करना है। इसके चार प्रतिस्पर्धी ऑनलाइन राउंड होंगे। जिसमें अलग-अलग प्रतियोगियों को उनके साथ दिए गए हिंट्स के साथ चार क्रॉसवर्ड पहेलियां सुलझानी होंगी। इसमें जो छात्र सबसे ज्यादा तेजी से सही जवाब देगा, उसे 1000 पॉइंट्स दिए जाएंगे। वहीं दूसरे चरण में में ऑफलाइन राउंड होंगे और तीसरे चरण में जुलाई-अगस्त के बीच दिल्ली में होने वाले नेशनल फाइनल में हर जोन की टॉप 3 टीमें क्वॉलीफाई करेंगी।