नोएडा में ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में स्थित एक अस्पताल में रविवार सुबह जन्म लेने के बाद एक नवजात बच्चे की मौत हो गई। बच्चे के पिता ने डॉक्टरों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने प्रसव के बाद बच्चे को टब में गिरा दिया, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई है।
बहरहाल डॉक्टरों का कहना है कि प्रसव के कुछ देर बाद स्वाभाविक रूप से बच्चे की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। इस मामले में पुलिस अधिकारी मेडिकल बोर्ड की सलाह लेने की भी बात कह रहे हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) अंकुर अग्रवाल ने बताया कि थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में बहरामपुर गांव के रहने वाले अनुज चौहान की पत्नी लता चौहान (30 वर्ष) शनिवार देर रात प्रसव के लिए भर्ती हुई थी। उन्होंने बताया कि रविवार को सुबह चार बजे लता चौहान ने एक बच्चे को जन्म दिया।
उन्होंने बताया कि लता चौहान का कहना है कि प्रसव के दौरान अस्पताल के स्टाफ के हाथ से बच्चा फिसल कर टब में गिर गया, जिसकी वजह से उसे चोट आई तथा उसके नाक से खून निकल रहा था। उनके अनुसार चोट लगने की वजह से बच्चे की मौत हुई है।