- जलालपुर फिरोजपुर, कोलगांव और खवाजली कलां में उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने को सैद्धांतिक मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए नूंह जिले के तीन गांवों में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि जलालपुर फिरोजपुर, कोलगांव और खवाजली कलां में ये केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के शुरू होने से आसपास के ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों और शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक उपचार, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के टीकाकरण सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं गांव के स्तर पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छोटी बीमारियों और सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए लोगों को बड़े अस्पतालों तक जाने की जरूरत कम होगी। इससे ग्रामीणों के समय और धन की बचत होगी। साथ ही जिला नागरिक अस्पताल और अन्य बड़े स्वास्थ्य संस्थानों पर मरीजों का दबाव भी कम किया जा सकेगा।
जिले में स्वास्थ्य परियोजनाओं का विस्तार
नूंह जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए हाल के दिनों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम शुरू हुआ है। मुख्यमंत्री ने 29 अगस्त को करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से अड़बर, छारोड़ा, कंकर खेड़ी, नई, सिरौली और इंडरी में उप-स्वास्थ्य केंद्रों तथा पढ़ेनी और पिनगवां में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का शिलान्यास किया था।
इसके अलावा नूंह के पुराने सीएचसी परिसर में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड क्षमता वाले जिला सामान्य अस्पताल के निर्माण का भी शिलान्यास किया गया है। इससे गंभीर मरीजों के उपचार के लिए जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है।
पुनहाना और मांड़ीखेड़ा में भी बढ़ीं सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने करीब दो करोड़ रुपये की लागत से पुनहाना सीएचसी परिसर में निर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट और मांड़ीखेड़ा नागरिक अस्पताल परिसर में बने टीबी कार्यालय भवन का उद्घाटन भी किया था। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार आरोग्य हरियाणा के संकल्प के तहत गांव-गांव तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य परियोजनाओं से नूंह के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी और लोगों को घर के नजदीक प्राथमिक चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।