- अधिकारियों ने महेशपुरा पुलिया और टांडा तिराहा पर लगाई पुलिस की ड्यूटी
- शहर में जाम की स्थिति से निपटने को पुलिस ने उठाया कदम
काशीपुर। शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए मुरादाबाद से काशीपुर आने वाली निजी बसों के शहर के अंदर प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। आदेश का पालन कराने के लिए उच्चाधिकारियों ने चिह्नित दो स्थानों पर पुलिस की ड्यूटी लगाई है।
नगर क्षेत्र में जाम से निपटने के लिए लगभग एक साल पहले पुलिस-प्रशासन ने मुरादाबाद-काशीपुर के बीच चलने वाली निजी बसों का मुरादाबाद रोड स्थित महेशपुरा पुलिया से पहले रुकने के निर्देश दिए थे। समय गुजरने के साथ ही निजी बस चालक मनमर्जी पर उतर आए और नियमों की अनदेखी करते हुए बसों को शहर के अंदर लेकर आने लगे।
मुरादाबाद से काशीपुर के बीच लगभग 70 निजी बसों का प्रतिदिन संचालन होता है। ऐसे में दिन में कई बार जाम की स्थिति बनने लगी। शहरवासियों की इस समस्या को अमर उजाला ने बीती छह सितंबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। समाचार को संज्ञान में लेकर पुलिस के उच्चाधिकारियों ने यातायात पुलिस को कार्रवाई करने और मुरादाबाद से काशीपुर में शहर के अंदर आने वाली निजी बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए थे।
यातायात प्रभारी जितेंद्र पाठक ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मुरादाबाद से आने वाली निजी बसों को महेशपुरा पुलिया के पास रोका जा रहा है। इसके लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी महेशपुरा पुलिया व टांडा तिराहा पर लगाई गई है। अब मुरादाबाद से आने वाली निजी बसें महेशपुरा पुलिया से वापस होकर आ-जा रही हैं।