अंबाला। शहजादपुर के नया मेन हाईवे कालाआम्ब के निकट इनोवा कार ने बाइक व एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चाचा महाराणा प्रताप चोटिल हो गए तो भतीजे सागर चौहान की मौत हो गई। शहजादपुर थाना पुलिस ने नंबर के आधार पर इनोवा कार चालक पर मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। मृतक के शव का रविवार पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
शहजादपुर थाना पुलिस को दी तहरीर में राजपुताना मोहल्ला निवासी रविंद्र सिंह ने बताया कि वह मौजूदा सरपंच है। 25 अक्तूबर को वह चाचा महाराणा प्रताप व दूसरे चाचा का बेटा सागर चौहान बाइक पर सवार होकर शहजादपुर से बीबीपुर खेत में काम करने के लिए जा रहे थे। नया मेन हाईवे कालाआम्ब के पास पहुंचे तो एक तेजरफ्तार इनोवा कार ने टक्कर मार दी। हादसे में चाचा व उनका बेटा दोनों अनियंत्रित होकर पक्की सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। अनियंत्रित कार ने एक एक्टिवा को भी टक्कर मारी थी। राहगीरों की मदद से नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे तो सागर चौहान को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि चाचा महाराणा प्रताप को चंडीगढ़ पीजीआई भेज दिया। रविंद्र सिंह ने बताया कि मृतक सागर चौहान अपने परिवार का इकलौता बेटा था व एक बहन है। सागर मां भगवती स्कूल शहजादपुर में प्राइवेट नौकरी करता था व शादी के बाद दो बच्चे हैं।