8, 9 और 10 जून को छह पालियों में कराई जाएगी परीक्षा, 20 केंद्रों पर 42048 अभ्यर्थी होंगे शामिल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आठ, नौ और 10 जून को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा में 42048 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए जिले में 20 केंद्र बनाए गए हैं। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा के लिए बायोमीट्रिक सत्यापन, फेस मिलान और लाइव सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। वहीं परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की जांच के दौरान कलावा और मंगलसूत्र नहीं उतरवाए जाएंगे।
परीक्षा रोजाना दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंचना होगा, ताकि जांच और सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अक्सर परीक्षाओं में कड़े सुरक्षा नियमों के नाम पर कलावा काटने या मंगलसूत्र उतरवाने की तस्वीरें सामने आती हैं, जिससे अभ्यर्थियों को मानसिक तनाव से गुजरना पड़ता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। भर्ती बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा केंद्रों पर कलावा या मंगलसूत्र जैसे धार्मिक प्रतीकों को पहनने पर कोई पाबंदी नहीं होगी और चेकिंग के दौरान इन्हें जबरन हटवाया नहीं जाएगा।
हालांकि बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा केंद्र में धार्मिक आस्था को सम्मान देने के साथ ही बोर्ड ने परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस बार नकल माफियाओं पर लगाम लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां और भी हाईटेक तरीके से काम करेंगी। बोर्ड ने निर्देश दिए हैं कि स्मार्ट मेटा चश्मे, इलेक्ट्रॉनिक पेन और अन्य छिपे हुए स्मार्ट गैजेट्स पर कड़ी निगरानी रखी जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारी और शिक्षक भी केंद्र के भीतर अपना मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेंगे। सुरक्षा को देखते हुए एग्जाम सेंटर पर सीसीटीवी की नजरें लगी रहेंगी।