ग्रेटर नोएडा। थाना साइट-5 क्षेत्र में रविवार दोपहर 6 साल के बच्चे की अपहरण की अफवाह फैल गई। अफवाह फैलते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब पूरे मामले की जांच की तो मामला कुछ और निकला। बच्चे को दुलारने के चक्कर में पड़ोसी उसे बाइक पर बिठाकर ले गया था। पड़ोसी ने बच्चे को उसके घर सकुशल छोड़ दिया था। पूरे प्रकरण का पता चलते ही पुलिस ने हंगामा कर रही भीड़ को समझाकर मामला शांत कराया।
साइट-5 थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार दीक्षित ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12:45 बजे सूचना मिली कि घरबरा रोड पर स्थित क्लीनिक के बाहर से छह साल का बच्चा चोरी हो गया है। वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने बच्चे को बाइक पर बैठकर जाते हुए देखा था। पुलिस जांच में पता चला कि बच्चा क्लीनिक के बाहर खड़ा था।
महिला के पड़ोसी में रहने वाला शख्स बाइक से जा रहा था। उसने बच्चे से घर चलने की बात पूछी तो बच्चा खुद ही बाइक पर आगे बैठ गया। इसकी पुष्टि महिलाओं से पूछताछ में भी हुई। तुरंत पुलिस की एक टीम को बच्चे के इकोटेक-1 स्थित घर पर भेजकर जांच कराई गई। बच्चा घर पर अपने पिता के पास था। बच्चे के सकुशल मिलने की बात सामने आते ही लोगोें को शांत करा दिया गया।
घर पहुंचाकर किया था फोन
जांच में यह बात सामने आई है कि पड़ोसी ने बाइक पर बच्चे को बिठाते समय महिला को इसकी जानकारी नहीं दी थी। बच्चे को घर पहुंचाने के बाद उन्होंने महिला को फोन कर यह बात बताई। हालांकि तब तक क्लीनिक के पास बच्चा चोरी होने की बात पर हंगामा शुरू हो गया था।
अफवाह पर नहीं दें ध्यान
पुलिस के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से शरारती तत्व बच्चों के चोरी होने और क्षेत्र में बच्चा चोरी गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह फैला रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बच्चा चोरी की सूचना मिलने पर तत्काल 100 नंबर पर या स्थानीय थाने में जानकारी देने की अपील की है। अफवाहों में आकर या शक के आधार पर किसी अनजान महिला या पुरुष पर हाथ नहीं उठाएं। ऐसी अफवाहें सोशल मीडिया पर भी प्रसारित नहीं करें। सोशल मीडिया पर अपने ग्रुप में झूठी खबरें नहीं डालें। ग्रुप एडमिन एक्टिविटी पर नजर रखें।
अफवाह से डरे अभिभावक, बच्चों को नहीं भेज रहे स्कूल
रबूपुरा। बच्चा चोरी गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह फैलने से क्षेत्र में अनजान व बहारी लोगों को शक की नजरों से देख जा रहा है। कुछ अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है। कस्बा निवासी बॉबी कुमार ने बताया कि बच्चा चोरी गिरोह के सक्रिय होने की बातों को सुनने के बाद उन्होंने बच्चे को स्कूल भेजना बंद कर दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक बीते सोमवार को गांव पचोकरा में 11 साल के रॉबिन के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया था। वह जेवर के निजी स्कूल में पांचवीं का छात्र है। वहीं पुलिस का कहना है कि इस तरह कि कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।