नए अधिग्रहण कानून का लाभ देने की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसान।
- फोटो : Grnoida
सीईओ से वार्ता विफल, किसानों ने प्राधिकरण पर शुरू किया धरना
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर और प्राधिकरण की परियोजना के तहत जमीन अधिग्रहण से प्रभावित सभी किसानों को नए अधिग्रहण कानून का लाभ देने समेत अन्य मांगों को लेकर किसानों की ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण के साथ वार्ता बेनतीजा रही। वार्ता में समस्या का समाधान नहीं होने पर किसानों ने प्राधिकरण दफ्तर के गेट पर धरना शुरू कर दिया है।
बीते सोमवार को समस्या के संबंध में किसानों ने जिलाधिकारी सुहास एलवाई से मुलाकात की थी। डीएम ने किसानों को नए अधिग्रहण कानून के तहत लाभ देने का आश्वासन दिया था। साथ ही मामले में अंतिम निर्णय के लिए प्राधिकरण के सीईओ से वार्ता करने को कहा था। इस पर बुधवार को किसानों का प्रतिनिधिमंडल की सीईओ से वार्ता हुई। वार्ता के दौरान किसानों ने नए अधिग्रहण कानून का लाभ और प्रभावित किसान परिवारों के युवकों को नौकरी देने आदि की मांग रखी। इस पर सीईओ ने किसानों को शासन से बात करने को कहा। वार्ता में कोई हल नहीं निकलने पर किसानों ने प्राधिकरण के दफ्तर पर धरना शुरू कर दिया। किसान नेता सुनील फौजी और मनीष भाटी ने बताया कि जब तक मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा, धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।