कॉलेज गई युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, गुमशुदगी का मामला दर्ज
तावडू । उपमंडल के अंतर्गत एक गांव सेे कॉलेज के लिए निकली युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अशोक निवासी थाना तावडू ने बताया कि 18 जनवरी को उनकी पुत्री खरखड़ा में अपने कॉलेज के लिए गई थी। जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसके नंबर पर संपर्क किया तो उसका फोन बंद आया। जिसके बाद उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। फिर उनकी पुत्री के मोबाइल नंबर से किसी अज्ञात का फोन आया, जिसने उनकी पुत्री को अपने साथ होने की बात कही और अपनी पहचान नहीं बताई। इसके बाद दोबारा उसी नंबर से फोन आया तो परिजनों ने उन्हें लड़की से मिलवाने की प्रार्थना की। लेकिन वह अज्ञात उन्हें गुमराह करता रहा। अशोक ने बताया कि उस नंबर पर अब संपर्क नहीं हो रहा है और उन्हें शक है कि उनकी पुत्री की जान सुरक्षित नहीं है।