नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने स्वच्छ सर्वेक्षण में सुपर स्वच्छ लीग सिटी अवाॅर्ड मिलने पर शुक्रवार को सफाई सेवकों को बधाई दी। एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने पालिका केंद्र में सफाई सेवकों के बीच जाकर मिठाई बांटी। चहल ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत मिशन’ और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।
उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार एनडीएमसी की पूरी टीम, सफाई सेवकों और उन सभी नागरिकों का सामूहिक प्रयास है जिन्होंने राजधानी को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ बनाने में योगदान दिया है। चहल ने एनडीएमसी क्षेत्र के नागरिकों और आगंतुकों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ एक संस्था का नहीं, बल्कि हर स्वच्छता सैनिक, नागरिक और सहयोगी का है। इस मौके पर सफाई सेवकों के साथ विभिन्न सर्किलों के सेनेटरी इंस्पेक्टर, पर्यवेक्षक और चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहे। ब्यूरो