-छात्रों के लिए बीकॉम व बीए में दाखिले के बढ़ेंगे अवसर
-एनसीवेब के 26 कॉलेजों में अब तक आठ हजार सीटें भरीं
-बीए में सामान्य श्रेणी के लिए चार सेंटरों पर दाखिले बंद
-कट ऑफ में एक से आठ फीसदी की गिरावट की गई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन कोलिजिएट वूमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में स्नातक के दाखिलों के लिए तीसरी कट ऑफ जारी कर दी है। तीसरी कट ऑफ में बीए व बीकॉम प्रोग्राम में 26 सेंटरों पर दाखिले का फुल चांस बना हुआ है। बीए प्रोग्राम(इतिहास-राजनीति विज्ञान) कॉम्बिनेशन में सामान्य श्रेणी के लिए चार कॉलेज सेंटरों पर और एससी श्रेणी के लिए तीन कॉलेज सेंटरों पर दाखिले बंद हो गए हैं। औसतन कट ऑफ में एक से सात फीसदी तक की गिरावट की गई है। दो कट ऑफ के आधार पर अब तक आठ हजार सीटें (आधी से अधिक) भरी हैं।
एनसीवेेब की बीकॉम की तीसरी कट ऑफ में औसतन एक से सात फीसदी और बीए प्रोग्राम में एक से पांच फीसदी तक की गिरावट हुई है। अब इस कट ऑफ के आधार पर सात सितंबर, आठ सितंबर दाखिले लिए जा सकेंगे और फीस का भुगतान 10 सितंबर तक किया जा सकेगा। बीए प्रोग्राम इतिहास-राजनीति विज्ञान में सामान्य श्रेणी के लिए जीसस एंड मेरी, कालिंदी कॉलेज, राजधानी कॉलेज, हंसराज कॉलेज में दाखिले बंद हो गए हैं। वहीं एससी श्रेणी के लिए जीसस एंड मेरी, कालिंदी कॉलेज और एसपीएम कॉलेज में दाखिले बंद हो गए हैं। वहीं बीए अर्थशास्त्र-राजनीति विज्ञान में सामान्य श्रेणी के लिए जीसस एंड मेरी, हंसराज, मिरांडा हाउस में दाखिले बंद हो गए हैं। जबकि एससी श्रेणी के लिए जीसस एंड मेरी, व मिरांडा हाउस में दाखिला नहीं हो पाएगा।
हंसराज कॉलेज ने बीकॉम की कट ऑफ 84 फीसदी व मिरांडा हाउस ने 82 फीसदी निकाली है। अदिति महाविद्यालय, भगिनी निवेदिता व आर्यभट्ट ने इस कोर्स के लिए सबसे कम 50 फीसदी कट ऑफ जारी की है। आर्यभट्ट कॉलेज ने दूसरी कट ऑफ के मुकाबले में आठ फीसदी की गिरावट की है। मोतीलाल नेहरू, डॉ बीआर अंबेडकर कॉलेज व भारती कॉलेज ने 55 फीसदी कट ऑफ जारी की है। इस कोर्स में एसटी श्रेणी के दाखिले के लिए सबसे कम 45 फीसदी और सबसे अधिक 72 फीसदी कट ऑफ जारी की गई है। ओबीसी के लिए सबसे कम 47 फीसदी अदिति और भगिनी निवेदिता ने और सबसे अधिक मिरांडा हाउस ने 72 फीसदी जारी की है।
बीए प्रोग्राम इतिहास व राजनीति शास्त्र कॉम्बिनेशन की बात की जाए तो मिरांडा हाउस ने 87 फीसदी कट ऑफ जारी की है। हंसराज कॉलेज ने इस कट ऑफ के लिए दाखिले बंद कर दिए हैं। इस प्रोग्राम के लिए ओबीसी की न्यूनतम कट ऑफ 46 फीसदी भगिनी निवेदिता और सबसे अधिक 77 फीसदी मिरांडा हाउस ने जारी की है। पीडब्ल्यूडी के लिए न्यूनतम 41 और अधिकतम 71 फीसदी रही है। बीए प्रोग्राम इकोनॉमिक्स और राजनीति विज्ञान कॉम्बिनेशन में सामान्य श्रेणी के लिए हंसराज और मिरांडा हाउस में दाखिले बंद हो गए हैं। मालूम हो कि एनसीवेब में कुल 15210 सीटें हैं, जिसमें से अब तक आठ हजार सीटें भर चुकी हैं।