माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सीबीएसई बोर्ड में बृहस्पतिवार को 12वीं की अंग्रेजी की परीक्षा हुई। परीक्षा केंद्र से बाहर निकले अधिकतर विद्यार्थियों के चेहरे पर संतोष दिखाई दिया। विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र को संतुलित, सरल और एनसीईआरटी पर आधारित बताया।
परीक्षा केंद्रों के बाहर विद्यार्थी परीक्षा को लेकर एक-दूसरे से चर्चा करते हुए दिखाई दिए। अंग्रेजी के शिक्षक बी. रमेश ने बताया कि प्रश्नपत्र एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम पर आधारित ही आया था। सेक्शन-ए रीडिंग स्किल के दोनों पैसेज काफी आसान थे, जबकि सेक्शन-बी सबसे अधिक स्कोरिंग रहा। सेक्शन-सी के प्रश्न भी आसान थे, लेकिन रीजनिंग के सवालों ने विद्यार्थियों को थोड़ा जरूर उलझाया। हालांकि ओवरऑल प्रश्नपत्र स्कोरिंग रहा।
-
पैराग्राफ सरल था। प्रश्नपत्र को हल करने में कोई समस्या नहीं आई। - समर
एमसीक्यू अच्छे आए थे। अनसीन पैसेज भी काफी आसान आया था। - सुजल
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं संपन्न, 25 ने छोड़ा आखिरी पेपर
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। बृहस्पतिवार को यूपी बोर्ड की परीक्षाएं संपन्न हो गईं। आखिरी दिन हाईस्कूल में कृषि और इंटरमीडिएट में कम्प्यूटर और संस्कृत की परीक्षाएं हुईं। दोनों कक्षाओं में जिले भर में करीब 25 परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आठ केंद्रों पर कृषि की परीक्षा कराई गई। इसमें पंजीकृत 96 में से 94 परीक्षार्थियों ने ही एग्जाम दिया। वहीं, कंप्यूटर के लिए पंजीकृत 234 परीक्षार्थियों में 225 परीक्षार्थी ही मौजूद रहे। इसी तरह संस्कृत में 188 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।