ग्रेटर नोएडा में शनिवार को सूरजपुर स्थित जिला अदालत और जिले की सभी तहसील न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव ने इसका शुभारंभ किया। इस दौरान लंबित और प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निस्तारण किया गया।
लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर, वैवाहिक विवाद, उत्तराधिकार और दीवानी वाद जैसे मामले निपटाए गए। एनआई एक्ट की धारा 138, ई-चालान, आर्बिट्रेशन और लघु शमनीय वाद भी शामिल रहे। विद्युत अधिनियम और भू-राजस्व से जुड़े सुलह योग्य प्रकरणों का भी निस्तारण हुआ। सेवा, पेंशन, श्रम संबंधी मामलों के साथ बैंक ऋण और बिजली बिल के प्री-लिटिगेशन मामले भी सुलझाए गए। वादकारियों की सुविधा के लिए विभिन्न विभागों और वित्तीय संस्थानों ने स्टॉल लगाए। इनमें नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड, बीएसएनएल, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और भारतीय स्टेट बैंक जैसी संस्थाएं शामिल थीं। हीरो फिनकॉर्प ने भी ऋण संबंधी मामलों के निस्तारण की व्यवस्था की। दीवानी न्यायालय ने वाहन चालान और लंबित मामलों की जानकारी के लिए टेली सेवा शुरू की। लोग मोबाइल नंबर 7678643985 पर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक संपर्क कर सकते हैं। न्यायालय परिसर में चार हेल्प डेस्क भी बनाए गए थे।
कौशल विकास और अन्य सुविधाएं
जिला कारागार, साईं वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर और राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) के कौशल विकास केंद्रों ने उत्पाद स्टॉल लगाए। इनका उद्देश्य कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार को बढ़ावा देना था। हेल्प डेस्क पर मुकदमों और मोटर वाहन चालान से संबंधित जानकारी दी गई। उच्च न्यायालय इलाहाबाद की पेमेंट सेतु लिंक से चालान निस्तारण की सुविधा भी उपलब्ध थी।
स्वास्थ्य जांच शिविर
लोक अदालत में स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दादरी और फेलिक्स अस्पताल ने स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए। नीनम फाउंडेशन ने निशुल्क मोतियाबिंद और नेत्र जांच शिविर आयोजित किया। इस अवसर पर अपर जिला जज और राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी सोमप्रभा मिश्रा मौजूद रहीं। उनके साथ न्यायिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।