- अब घर-घर पहुंचेगी पशुपालन विभाग की टीम, लंपी से बचाव के लिए गांव-गांव लगेगा शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। लंपी बीमारी की रोकथाम और पशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पशुपालन विभाग विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। सोमवार से जिले में सेवा संकल्प अभियान- पशुपालन विभाग आपके द्वार कार्यक्रम शुरू होगा। इसके तहत विभाग की मोबाइल वैन की टीमें गांव-गांव पहुंचकर ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाएंगी। शिविरों में पशुओं का टीकाकरण और उपचार किया जाएगा। अभियान करीब तीन महीने तक चलेगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार सचान ने बताया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार प्रत्येक गांव में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक और दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक लगाए जाएंगे। अभियान में पशुपालन विभाग की चार मोबाइल वैन सक्रिय रहेंगी।
उन्होंने बताया कि बादलपुर की दो मोबाइल वैन दादरी और बिसरख ब्लॉक के गांवों में जाएंगी। वहीं, जेवर की दो मोबाइल वैन दनकौर और जेवर ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में शिविर लगाएंगी। प्रत्येक मोबाइल टीम के साथ संबंधित क्षेत्र के पशु चिकित्साधिकारी और पशु प्रसार अधिकारी मौजूद रहेंगे। टीम मौके पर ही पशुपालकों की समस्याओं का समाधान करेगी।
लंपी से बचाव के लिए होगा टीकाकरण
अभियान के दौरान गोवंश में लंपी बीमारी की रोकथाम के लिए टीकाकरण किया जाएगा। बीमार पशु मिलने पर मौके पर ही उसका उपचार होगा। इसके अलावा पशुओं की टैगिंग, कीड़े की दवा का वितरण और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मोबाइल टीमों के माध्यम से रोजाना करीब आठ गांवों में शिविर लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पशुपालकों को इलाज और टीकाकरण के लिए दूर स्थित पशु चिकित्सालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा भी
शिविरों में उपचार और टीकाकरण के साथ पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग का उद्देश्य गांव स्तर पर ही पशुपालकों को अधिक से अधिक पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने पशुपालकों से अपील की है कि वे शिविर में अपने पशुओं को लेकर पहुंचें और समय पर टीकाकरण समेत अन्य जरूरी सेवाओं का लाभ उठाएं।