हसेरन (कन्नौज)। नादेमऊ कस्बे में मंगलवार को एक बार फिर भीषण जाम लग गया। सुबह से दोपहर तक तीन घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। ट्रक, कंटेनर, कार, बाइक और ट्रैक्टर जाम में फंसे रहे। इससे आम लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। कस्बे का मुख्य मार्ग सकरा होने के कारण यह समस्या अक्सर सामने आती है।
नादेमऊ निवासी राजा अग्निहोत्री, रतन शाक्य, अमित राजपूत और सुशील यादव संदीप प्रजापति ने बताया कि कस्बे की मुख्य सड़क बहुत संकरी है। इस कारण अक्सर जाम की स्थिति रहती है। सुबह और शाम के समय तो स्थिति और भी खराब हो जाती है। लोग बार-बार इस समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का चौड़ीकरण कराया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से बचा जा सके। वहीं, जाम की सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज देवी सहाय वर्मा वाहनों को डायवर्ट कर जाम खुलवाया।