टेंपो में ले जा रहे 25 अवैध सिलिंडर बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने वेस्ट जुआं ड्रेन रोड पर एनएनजी फैक्टरी के नजदीक अवैध रूप से टेंपो में ले जा रहे 25 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। चालक से जब सिलिंडर के बारे में वैध लाइसेंस व खरीद पर्ची के बारे में पूछा गया तो वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। ऐसे में खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने सभी सिलिंडरों को अपने कब्जे में ले लिया है।
इस संबंध में लाइनपार थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि आईएफएस रितु व खाद्य आपूर्ति विभाग से अजय कुमार की टीम ने वेस्ट जुआं ड्रेन रोड पर एक टेंपो को रूकवाया। जांच की तो पता चला कि उसमें 25 घरेलू गैस सिलिंडर रखे गए हैं। इन सिलिंडरो के बारे में टेंपो चालक से वैद्य लाइसेंस व खरीद पर्ची मांगी गई तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। उधर इसकी सूचना मिलते ही लाइनपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने सभी सिलेंडरों को अपने कब्जे में ले लिया है।