संदिग्ध परिस्थितियों में साल्हावास से किशोरी लापता
संवाद न्यूज एजेंसी
साल्हावास। क्षेत्र के गांव साल्हावास से 25 जनवरी को एक 16 वर्षीय लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारी और आसपास के इलाकों में भी लड़की की तलाश की लेकिन उसका का कहीं पता नहीं चल सका। जिसके बाद परिजनों ने 25 जनवरी को देर शाम गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। 26 जनवरी को सुबह नौ बजे परिजनों ने पुलिस को बताया कि नहर के पास उनकी लड़की का शॉल, चप्पल और चश्मा रखे हुए मिले हैं। जिसके बाद पुलिस उसको नहर में डूबने से आशंका के चलते नहर में तलाश रही है।
साल्हावास थाना प्रभारी जयभगवान ने भोंडसी आईआरबी से गोताखोर बुलाए और सर्च अभियान शुरू करवाया। 2 दिन तक चले सर्च अभियान में हालांकि पुलिस को कोई भी सफलता हासिल नहीं हुई । 27 जनवरी को गोताखोर टीम , गैस सिलिंडर टीम व नाव टीम को भी बुलाया। ग्रामीणों के सहयोग से दिनभर सर्च अभियान चलाया लेकिन शाम तक किसी भी प्रकार की कोई भी सफलता हासिल नहीं हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पानी का लेवल बहुत ज्यादा है ग्रामीण भी सहयोग में जुटे हुए हैं। लड़की की तलाश में पिछले 2 दिनों में सर्च अभियान जारी है। मातनहेल तहसीलदार अशोक कुमार, साल्हावास नायब तहसीलदार शेखर, बीडीपीओ साल्हावास उमेद सिंह, थाना प्रभारी जय भगवान आदि सर्च अभियान के दौरान मौजूद रहे।