कोंच। नगर के अति प्राचीन रामलला मंदिर के नवनिर्मित गर्भगृह में 26 माह बाद रामलला सरकार लौट आए हैं। पूरे विधि विधान के साथ सप्ताह भर चले धार्मिक अनुष्ठानों के बीच उन्हें गर्भगृह में विराजमान कराया गया।
कस्बे के मोहल्ला गांधी नगर में मंदिर का नवनिर्माण हो जाने के बाद शुक्रवार को भगवान रामलला को फिर से गर्भगृह में विराजमान कराया गया है। उनकी आरती उतारी गई। इसी के साथ नर्मदेश्वर महादेव की नवनिर्मित मंदिर में प्राणप्रतिष्ठा कराई गई है। इसमें भगवान नर्मदेश्वर, भगवान गणेश, गरुण, हनुमान, कार्तिकेय आदि की मूर्तियों की प्राणप्रतिष्ठा को लेकर मंदिर में भागवत पुराण पाठ का भी आयोजन किया गया था। विद्वानों मुख्य आचार्य दीपेंद्र तिवारी ललितपुर, वेदाचार्य द्वय पं. गयाप्रसाद, पं. कृष्णावतार शास्त्री, ब्रजेश कुमार तिवारी आदि ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान कराए। यजमानों की भूमिका में सीमा-संजीव सोनी, नीतू-भोला नाथ झा, हेमंत-शचींद्र मोहन बसेड़िया, रमा-दिनेश चंद्र द्विवेदी, मंजू-रामचंद्र ओमरे आदि रहे हैं।