जसवंतनगर। सियापुर ईंट गांव में शुक्रवार रात शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई। इससे गृहस्थी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने मौके पर जाकर आग पर काबू पाया। आग से करीब दो लाख रुपए से ज्यादा का सामान राख हो गया।
गांव निवासी यशवीर सिंह यादव पुत्र रमेश सिंह के घर के लोग खाना खा पीकर सोने के लिए अपने बिस्तरों पर चले गए थे। तभी घर के एक हिस्से में धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आग ने धीरे-धीरे अन्य कमरों को भी अपनी लपेट में ले लिया। सामान जलने लगा और लपटों और धुआं से दहशत से घर के लोग बाहर भागे।
आग देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। लोग जब तक आग पर काबू पाते तब तक फ्रिज, कूलर, सोफा, बेड ,कपड़े अनाज सहित करीब दो लाख का सामान जलकर राख हो गए। सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसने पूरी तरह से आग बुझाई। यशवीर सिंह ने बताया कि ऐसा लग रहा आग शार्ट सर्किट से लगी है। जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। गृह मालिक यशवीर ने शासन प्रशासन से सहायता की मांग की है।