दादरी की बालाजी विहार कॉलोनी में बेटी से अभद्रता व पिता से मारपीट का मामला
पुलिस के आश्वासन पर परिवार के साथ वापस घर लौटे थे व्यापारी
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। बालाजी विहार कॉलोनी निवासी व्यापारी परिवार के साथ वापस अपने घर लौटे, लेकिन तीन घंटे रहने के बाद ही व्यापारी ने फिर से घर छोड़ दिया है। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद एक आरोपी दीवार कूदकर वापस कॉलोनी में पहुंच गया था। आरोपी को देखकर व्यापारी व परिवार दहशत में आ गया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गया। उसके बाद व्यापारी फिर अपने पिता के घर चले गए हैं।
जीटी रोड स्थित बालाजी विहार कॉलोनी में जूता व्यापारी शुभम गोयल परिवार के साथ रहते हैं। बीते शनिवार को शुभम गोयल छह साल की बेटी और मासूम बेटे को स्कूटी पर लेकर घर जा रहे थे। आरोप है कि तभी कॉलोनी के दो युवकों ने मासूम बेटी के ऊपर कुत्ता फेंक दिया और अभद्रता की। व्यापारी का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद भी आरोपी को जमानत नहीं मिलनी चाहिए थी। इस संबंध में न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। जब तक स्थायी पुलिस बूथ नहीं बन जाएगा, तब तक वहां परिवार सुरक्षित नहीं है। एसीपी सार्थक सिंगर का कहना है कि मारपीट करने वाले आरोपी का भी घर कॉलोनी में है। अगर दोबारा कोई घटना करता है तो कार्रवाई की जाएगी।