पाम कोर्ट सोसायटी में तेंदुआ घुसने की आशंका, तलाश जारी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की जेकेजी पाम कोर्ट सोसायटी के सुरक्षाकर्मियों ने शुक्रवार रात करीब 2 बजे तेंदुआ देखने का दावा किया। तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दिन भर तलाश के बाद भी सोसायटी और आसपास के क्षेत्र में तेंदुआ नहीं मिला।
रात में भी विभाग की टीम सोसायटी में तैनात रही। अफसरों का कहना है कि देखा गया जानवर फिश़िंग कैट या तेंदुआ हो सकता है। हालांकि इस बाबत अभी स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। सोसाइटी के गेट नंबर 2 की तरफ पंजे के निशान मिले है जिसकी जांच की जा रही है।
गौड़ सिटी वन के पास जेकेजी पाम कोर्ट सोसायटी है। सोसाइटी के कुछ टावर बनकर तैयार हैं। जिनमें 10 से 12 परिवार रहते हैं। बाकी टावर अभी निर्माणाधीन हैं। सोसायटी के गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 2 बजे गौड़ सिटी वन की तरफ से रोड पार करने के बाद तेंदुए ने छलांग लगाकर नाला पार किया। उसके बाद सोसायटी के गेट को छलांग कर अंदर चला गया और बेसमेंट में घुस गया।
शनिवार सुबह सुरक्षाकर्मियों की सूचना मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी। सुबह 8 बजे गौतमबुद्ध नगर वन विभाग की दो टीम मौके पर पहुंची और सोसायटी के बेसमेंट के सभी छह प्रवेश व निकास द्वार पर जाल लगाकर बंद कर दिया गया। सोसाइटी के गेट नंबर दो की तरफ पंजे के निशान मिलने के बाद दिल्ली वाइल्ड लाइफ की एसओएस और गाजियाबाद व मेरठ वन विभाग की एक-एक टीम को भी मौके पर बुलाया लिया गया। सुबह 9 बजे से सभी टीम ने मिलकर बेसमेंट में तलाश शुरू की। दोपहर 12:30 बजे तक तलाश चली, लेकिन कुछ नहीं मिला।
दोपहर 2 बजे के बाद फिर शुरू हुई तलाश
पॉम कोर्ट सोसायटी के पिछले हिस्से की ओर एग्जोटिका ड्रिमविले सोसायटी है। उसकी बालकनी से एक परिवार वन विभाग की कार्रवाई देख रहा था। दोपहर करीब 2 बजे परिवार के एक व्यक्ति ने अपने परिचित को फोन कर बेसमेंट के ऊपरी हिस्से में तेंदुए के अंदर जाने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की सभी टीमों ने टावरों के निचले हिस्से में तलाश शुरू किया। लेकिन वहां भी कोई वन्य जानवर नहीं मिला। दोपहर करीब 3 बजे तलाशी बंद कर दी गई। हालांकि, टीम शाम तक पिंजरा और जाल के साथ मुस्तैद रही।
टावर की सीढ़ियों पर गिराया गया सफेद पाउडर
वन विभाग के क्षेत्राधिकारी शीतल पवार ने बताया कि टावर की 14 सीढ़ियों पर सफेद रंग का पाउडर डाला गया है। ताकि, वन्य जीव के एक स्थान से दूसरे स्थान पर आने-जाने का पता चल सके। रात के समय वन विभाग के पांच सदस्यीय टीम के साथ 9 सुरक्षाकर्मी भी तैनात थे। वहीं सभी उपकरण सोसायटी में ही रखे गए हैं। अगर किसी तरह की सूचना मिलती है तो बाकी सभी टीम मौके पर पहुंच जाएगी। उन्होंने बताया कि सोसायटी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में वन्य जीव कैद नहीं हुआ है। केवल पंजे के निशान मिले हैं।
सोशल मीडिया पर एक दूसरे को किया अलर्ट
ग्रेनो वेस्ट के लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे को अलर्ट कर दिया है। लोगों का कहना है कि तेंदुआ या अन्य वन्य जीव जगह बदलता रहता है। 12 घंटे से भी अधिक समय के सर्च ऑपरेशन के बाद भी पकड़ में नहीं आया है। ऐसे में वह वन्य जीव किसी भी सोसायटी में घुस सकता है। हालांकि, वन विभाग की तरफ से ऐसी कोई सूचना नहीं जारी की गई है।
वन विभाग की टीम आने के बाद फ्लैट से निकले लोग
सोसायटी में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिलते ही लोग फ्लैटों से बाहर नहीं निकले। वन विभाग की टीम आने के बाद लोग अपने-अपने फ्लैट से निकले। सोसायटी से बाहर गए लोग पूरे दिन अपने परिजनों को फोन कर पल-पल की जानकारी लेते रहे।
सादुल्लापुर में पकड़ा गया था तेंदुआ
ग्रेनो वेस्ट के सादुल्लापुर गांव में इसी वर्ष जनवरी में तेंदुआ पकड़ा गया था। दिन भर की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम को सफलता मिली थी। उस दौरान भी स्थानीय लोग कई दिनों से तेंदुआ देखे जाने का दावा कर रहे थे। वन विभाग के सर्च ऑपरेशन के दौरान उसे पकड़ा नहीं जा सका था। वन विभाग का कहना है कि हिंडन नदी के किनारे तेंदुआ या फिशिंग कैट आ जाती हैं।
पाम कोर्ट सोसायटी में मिले पंजे के निशान- फोटो : Grnoida