- कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने 35 बेटियों को एक दीया व चॉकलेट देकर हौसला बढ़ाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मिशन शक्ति के तहत शुक्रवार को मेरी बेटी मेरी कुलदीपक अभियान का शुभारंभ किया। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम अस्मिता लाल ने 35 बेटियों को एक दीया व चॉकलेट देकर सम्मानित किया। परिवारों को बेटी की सुरक्षा व शिक्षा का संकल्प दिलाया।
डीएम ने कहा कि बेटियां केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि वह रोशनी हैं जो पूरे कुल, समाज और राष्ट्र को आलोकित करतीं हैं। जिस तरह पौधे को उचित देखभाल और पोषण मिलने पर छांव देने वाला वृक्ष बनता है उसी प्रकार बेटियों को अवसर, शिक्षा और सम्मान मिलने पर वह जीवन के हर क्षेत्र में समाज का गौरव बढ़ातीं हैं। कहा कि समाज में अभी भी बेटियों के साथ भेदभाव किया जाता है, जिसे हम सभी को बंद करना होगा। हमें बेटियों व बेटों में भेदभाव न करके बेटियों को शिक्षित कराकर आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने 35 परिवारों को बेटियों को शिक्षित करने, भेदभाव बंद करने का संकल्प दिलाया।
इस मौके पर एडीएम पंकज वर्मा, एसडीएम भावना सिंह, एसडीएम मनीष यादव, ज्योति शर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह, अधिशासी अधिकारी रटौल वीरज त्रिपाठी, शालू चौधरी आदि मौजूद रहे।