ऑनलाइन ऑर्डर किए मशरूम चावल में निकला नॉनवेज
वीडियो वायरल होने के बाद रेस्त्रां के खिलाफ कार्रवाई की मांग
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। डेल्टा-1 स्थित कैलिफोर्निया बरिटो रेस्त्रां ने युवक को शाकाहारी मशरूम चावल के बजाए मांसाहारी चिकन चावल भेज दिया। युवक ने इसका सेवन भी कर लिया। जब उसे जानकारी हुई तो रेस्त्रां पहुंचकर विरोध जताया।
सूरजपुर कोतवाली पुलिस के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। तिलपता गांव के रहने वाले संदीप भाटी का वेडिंग फोटोग्राफी का काम है। संदीप ने बताया कि उन्होंने शनिवार रात लगभग 8:22 बजे डेल्टा-1 मेट्रो स्टेशन के समीप कैलिफोर्निया बरिटो ब्रांच से क्रिस्पी मशरूम राइस बाउल मंगाया था। करीब एक घंटे की देरी से जौमेटो डिलीवरी ब्वॉय उनका ऑर्डर लेकर आया था। डिलीवरी में देरी होने के कारण भोजन ठंडा हो गया था। भूख लगने के कारण उन्होंने पैकेट खोलने के तुरंत बाद ही कुछ बाइट खा ली लेकिन कुछ ही देर में उन्हें शक हुआ। बाद में दोस्तों ने उन्हें बताया कि यह वास्तव में चिकन राइस बाउल था। उन्होंने तुरंत मामले की शिकायत सूरजपुर थाने व जुनपत चौकी में दर्ज कराई। इसके अलावा जब उन्होंने रेस्त्रां मैनेजर से संपर्क किया तो वह जिम्मेदारी लेने के बजाय पुलिस बुला बैठे। युवक ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग रेस्त्रां के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं रेस्त्रां संचालक ने कहा कि संभावना है कि पैकेजिंग और लेबलिंग में त्रुटि होने से गलती हुई है। मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी जांच कर रही है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।