हर मुक्के पर दर्शकों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, फिल्मी सितारे भी पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के इंडोर स्टेडियम में शनिवार को मैट्रिक्स फाइट नाइट (एमएफएन) के 17 वें संस्करण का आगाज हुआ। अपने चेहते फाइटरों को देखने के लिए दर्शकों में उत्साह दिखा। मैच के दौरान दर्शक अपने चहेते खिलाड़ियों के हर पंच पर समर्थन कर शोर मचाते हुए नजर आए। मैट्रिक्स फाइट नाइट में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे फिल्म अभिनेता गुलशन ग्रोवर, जैकी श्राफ, आयशा ने खूब चमक बिखेरी।
शाम करीब साढे छह बजे से शुरू हुए इवेंट में पहला मुकाबला दो भारतीय खिलाड़ी जय मालियाल और विन्नी सुफिक्स के बीच खेला गया। जय मालियाल ने विन्नी सुफिक्स को हराकर जीत से शुरुआत की। दूसरा मुकाबला भी दो भारतीय खिलाड़ी मूसा रइस और विश्वमित्रा के बीच खेला गया। जिसमें मूसा ने विश्वमित्रा को हरा दिया। दोनों के बीच तीन चरण में कांटे का मुकाबला देखने को मिला। अंतिम राउंड में मूसा को विजेता घोषित किया गया। इससे पहले स्टेडियम में शाम पांच बजे से ही प्रवेश के लिए दर्शकों की कतारें देखने को मिली। कड़ी सुरक्षा के बीच दर्शकों को जांच-पड़ताल के बाद प्रवेश दिया गया। लीग में फाइटरों के बीच मुकाबले देर रात तक खेले जाएंगे।