नोएडा (सुशांत समदर्शी )। गार्डन गैलेरिया मॉल के लॉस्ट लेमन पब में सोमवार रात मैनेजर ब्रिजेश राय की हत्या के बाद पत्नी पूजा ने पुलिस व पार्टी करने गए दोस्तों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पूजा का कहना है कि अगर पुलिस और पति के दोस्त समय रहते मदद करते तो पति जिंदा होते। आखिरकार सात लोग पार्टी में गए थे तो पति की ही हत्या क्यों हुई। बिलखते हुए पूजा ने कहा कि सीएम सर, पति के हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें और आरोपियों के घर व बार पर बुलडोजर चलवाएं।
सेक्टर-132 स्थित डीपीएस स्कूल में शिक्षिका पूजा ने कहा कि वह पति व बच्चों के साथ रह रही थीं। पति ब्रिजेश ऑफिस के दोस्त सुमित, बिक्रम, अंजलि आदि के साथ पार्टी करने गए थे, लेकिन सभी दोस्तों ने घटना को छिपाया। रात 12 बजे तक जब वह नहीं आए तो फोन मिलाया, लेकिन नंबर बंद आया। ब्रिजेश के दोस्त सुमित को फोन किया तो कई बार नहीं उठाने के बाद रात 1:15 बजे कॉल बैक कर उसने कहा कि दो मिनट में फोन करता हूं। कुछ देर बाद दोस्तों ने ब्रिजेश की तबीयत खराब होने की बात कही तो वह आधी रात को कैब से प्रयाग अस्पताल पहुंची। यहां भारी संख्या में पुलिस तैनात थी और कोई कुछ नहीं बता रहा था। जब उन्होंने पति को देखने की जिद की तो पुलिस ने मना कर दिया। बाद में शव को देखने दिया गया।
सोमवार को ही भागलपुर से आए थे दंपती
पूजा का कहना है कि वे लोग कुछ दिनों पहले बिहार गए थे। भागलपुर में पूजा का मायका है। ब्रिजेश, पूजा व दोनों बच्चे सोमवार को ही नोएडा आए थे। इसके बाद ब्रिजेश सेक्टर-80 स्थित दफ्तर चले गए। वहां उनके दोस्तों के साथ पार्टी करने की योजना बनी और वह गार्डन गैलेरिया चले गए।
15 मई को थी सातवीं सालगिरह
पूजा ने बताया कि 15 मई को शादी की 7वीं सालगिरह थी। पांच साल का बेटा सार्थक व तीन साल की बेटी भूविका है। 13 मार्च को भूविका का जन्मदिन भी मनाया था। 15 मई को सालगिरह के मौके पर दोनों कहीं बाहर जाने की तैयारी भी कर रहे थे।
तीन बजे बात हुई तो चार्जर देने घर आए
पूजा का कहना है कि पति से दोपहर बाद करीब तीन बजे फोन पर बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि घर देर से आएंगे। किसी पार्टी में जाना है। इस पर पूजा ने चार्जर देने की बात कही तो उन्होंने शाम को आकर चार्जर घर पर छोड़ने की बात कही। करीब साढ़े सात बजे ब्रिजेश घर पर चार्जर देकर चले गए।
पुलिस ने लैपटॉप, बैग मोबाइल नहीं दिया
पूजा ने आरोप लगाया कि जब वह अस्पताल पहुंची तो किसी पुलिस वाले ने सुध नहीं ली। पुलिस ने आधिकारिक रूप से पति की मौत की जानकारी भी नहीं दी। पति के शव को पांच मिनट में अस्पताल से गायब करा दिया।