-18 सेकेंड के वायरल वीडियो में युवराज मेहता के पिता का दावा
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-150 में हुए हादसे को लेकर एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। करीब 18 सेकेंड के वीडियो में इंजीनियर युवराज मेहता के पिता राजकुमार मेहता यह कहते नजर आ रहे हैं कि घटना के समय मुनिंदर उनके लिए देवदूत बनकर सामने आए। भले ही उनके बेटे की जान नहीं बच सकी लेकिन डिलीवरी बॉय ने उसे बचाने का ईमानदार प्रयास किया। जबकि वहां मौजूद रेस्क्यू टीम या अन्य किसी व्यक्ति ने ऐसा कोई प्रयास नहीं किया। पिछले दिनों युवराज मेहता के घर पर डिलीवरी बॉय ने पिता से मुलाकात की थी। इस दौरान बनाए गए एक वीडियो में राजकुमार मेहता कहते नजर आ रहे हैं कि मुनिंदर ने बिना अपनी जान की परवाह किए पानी से भरे गड्ढे में उतरकर युवराज को बचाने की कोशिश की। यह प्रयास उनके लिए हमेशा अमूल्य रहेगा और वह जीवन भर इस अहसान को नहीं भूल पाएंगे।
पूर्व बार अध्यक्ष ने दी आंदोलन की चेतावनीः
पूर्व बार अध्यक्ष उमेश भाटी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि युवराज को पार्टी के नाम पर बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस, प्रशासन और प्राधिकरण के अधिकारियों का नाम लिए बगैर कहा कि पार्टी तो अधिकारी भी करते हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में अगर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।