आप नेता दुर्गेश पाठक का दावा - भाजपा के दबाव में काम कर रहे अधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आप ने नगर निगम आयुक्त से कूड़ा उठाने पर यूजर चार्ज लेने के लिए जारी अधिसूचना को तत्काल वापस लेने की मांग की है। मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में आप के एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा कि मेयर ने कमिश्नर को विस्तृत आदेश दिया है कि वे तत्काल यूजर चार्ज की अधिसूचना को वापस लेकर निरस्त करें, लेकिन अफसर बता रहे हैं कि हाउस टैक्स के जरिये यूजर चार्ज लागू करने के लिए भाजपा का उन पर बहुत दबाव है। अगर यूजर चार्ज लेने का आदेश वापस नहीं होगा तो आप आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि जब आप सरकार थी तो कूड़े पर शुल्क लगाना रोक रखा था, लेकिन रविवार को आननफानन में एमसीडी सदन में बिना कोई प्रस्ताव लाए और मेयर को बिना जानकारी दिए यूजर चार्ज लेने की अधिसूचना जारी कर दी गईं। सोमवार को मेयर महेश खींची ने कमिश्नर को विस्तृत आदेश जारी कर कहा कि यूजर चार्ज को तुरंत निरस्त किया जाए। वहीं, मेयर ने कहा कि आयुक्त और निगम अधिकारियों ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत ये यूजर चार्ज लगाए गए हैं और इसे हाउस टैक्स के साथ जोड़ा गया है। इसे हर साल हाउस टैक्स के साथ लिया जाएगा। यह गलत है। हम इसका विरोध करते हैं। ये प्रस्ताव 2016 से केंद्र सरकार लाई थी। उस समय भी जब हम एमसीडी में विपक्ष में थे, हमारे पार्षदों ने पुरजोर विरोध किया था कि जब तक जनता को पूरी सुविधाएं नहीं मिलेंगी, टैक्स नहीं लगाया जा सकता। नेता सदन मुकेश गोयल ने कहा कि आयुक्त ने दिल्ली की जनता के लिए गलत आदेश जारी किया गया है।