संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। इस बार कपालमोचन मेले में लगने वाली खच्चर मंडी को लेकर पहले ही संशय खत्म हो गया है। यह मंडी चौराही मार्ग पर पांच एकड़ भूमि में लगेगी। बाकायदा इस भूमि के अधिग्रहण करने की योजना बन चुकी है। ऐसे में मंडी में आने वाले खच्चर यहीं पर ही जाएंगे।
इस मंडी को लेकर प्रजापति धर्मशाला में समाज के लोगों की बैठक की। प्रधान वीरभान ने कहा कि राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले में राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, हिमाचल, जम्मू, दिल्ली व हरियाणा के विभिन्न जिलों से अनेक पशुपालक अपने पशुओं की बिक्री व नस्ल सुधार के लिए पहुंचते हैं। जिनके लिए सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाना अनिवार्य है।
प्रधान वीरभान ने बताया कि अधिकारियों ने उन्हें बताया कि मेला प्रशासक की ओर से अधिग्रहण की गई भूमि में 31 अक्तूबर से छह नवंबर तक बिजली व पानी की व्यवस्था की जाएगी। ताकि बाहर से आने वाले पशु पालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ साथ पशुपालकों के लिए मूलभूत सुविधाएं भी प्रदान की जाएगी। इस मौके पर रजनीश कुमार, श्योराम, माया राम, फकीर चंद, माम राज, अमरपाल, सुरेश कुमार , सोहन लाल, सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।