संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में एमआरआई कागजी काम पूरा न होने से अटक गई है। शनिवार को दूसरे दिन भी एमआरआई नहीं हो पाई। ऐसे में मरीजाें को ऐसे की लौटना पड़ा। जिला नागरिक अस्पताल में एमआरआई अब एक नवंबर को शुरू होगी। इसके शुरू होने से मरीजों को एक ही छत के नीचे सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा मिल पाएगी। अस्पताल में आठ करोड़ की मशीन लग चुकी है। फिलहाल स्टाफ को डेमो देकर अभ्यास कराया जा रहा है।
जिला नागरिक अस्पताल में आठ करोड़ की एमआरआई मशीन का हवन के साथ उद्घाटन किया था। यह कागजी कार्रवाई के चलते शुरू नहीं हो पाई थी।शनिवार को भी कागजी कार्रवाई की प्रक्रिया चलती रही। ऐसे में दूसरे दिन भी मरीजों की एमआरआई शुरू नहीं हो पाई। केंद्र प्रभारी विजय राणा ने बताया कि थोड़ा कागजी काम चल रहा है। यह एक नवंबर से पहले पूरा हो जाएगा। तब तक स्टाफ का अभ्यास कराया जा रहा है।
पीपीपी मोड़ में मिलेगी सुविधा
अस्पताल में लगभग आठ करोड़ रुपये की मशीन लग चुकी है। एमआरआई भी सीटी स्कैन की तरह सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी मोड) पर की जाएगी। निजी अस्पतालों की अपेक्षा 70 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। बीपीएल, आयुष्मान कार्डधारकों के साथ हरियाणा सरकार के कर्मचारी, एससी प्रमाणपत्र, विकलांग पेंशनधारकों को, रोड साइड दुर्घटना के एनअटेनडिड या अज्ञात मरीजों की निशुल्क एमआरआई की जाएगी। इससे लोगों का आर्थिक बोझ कम होगा।
अस्पताल में सीटी स्कैन की मशीन का उद्घाटन कर दिया है। इसे एक नवंबर को शुरू किया जाएगा। एमआरआई एक नवंबर को शुरू होगी। इससे अस्पताल का रेफरल कम होगा।
डॉ. विजय मलिक, सीएमओ।