तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल बाइक सवार की मौत
सेक्टर-58 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-59 में बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार को परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ सेक्टर-58 थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से बहलोलपुर निवासी राजकुमार ने बताया कि उनका भाई राहुल कुमार गाजियाबाद के विजयनगर में रहता था और नोएडा स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत था। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे राहुल ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह नोएडा वन चौराहे से डी पार्क की ओर मुड़ा, तभी हरियाणा नंबर की तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस की मदद से घायल को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। शुक्रवार को इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।