सितंबर में ही होगी मोटो जीपी
यूपी की निवेश शाखा ने सप्ताह के अंत तक शुल्क वितरण योजना प्रस्तुत करने का वादा किया
फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स ने इंडिया राउंड को हटाए जाने का दावा किया खारिज
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। विश्व के दूसरे सबसे प्रसिद्ध खेल मोटोजीपी का दीदार भारतवासी अपनी ही जमीं पर कर सकेंगे। मोटोजीपी के आयोजन के लिए प्रदेश सरकार अब इवेंट प्रमोटर बन गई है। डोर्ना कंपनी के साथ फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स और यूपी सरकार आयोजन का खर्च वहन करेंगी। बृहस्पतिवार को मोटोजीपी का आयोजन करने वाली डोर्ना कंपनी को ई-मेल के माध्यम से फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स और राज्य सरकार की निवेश शाखा ‘इंवेस्ट यूपी’ ने दो सप्ताह में शुल्क वितरण योजना प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया है। वहीं, मोटोजीपी के प्रमुख कार्मेलो एजपेलेटा ने भारत में मोटोजीपी को सुचारू रखने में सहमति जताई है।
मोटो ग्रां प्रिक्स आयोजनकर्ता कंपनी डोर्ना को बकाया का भुगतान नहीं होने की वजह से इसके भारत में आयोजन का मामला खटाई में पड़ रहा था। मामले की जानकारी होने पर यूपी सरकार ने इसे सहारा देने का निर्णय किया है। प्रमोटर फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स की ओर से बताया गया कि प्रदेश सरकार अब फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स के साथ इवेंट प्रमोटर बन गई है। ऐसे में मोटोजीपी सितंबर में अपने समय पर ही होगी।
डोर्ना को एक आधिकारिक ई-मेल में राज्य सरकार की निवेश शाखा ‘इंवेस्ट यूपी’ ने दो सप्ताह में सभी आवश्यक अनुमोदन और शुल्क वितरण योजना प्रस्तुत करने का वादा किया है। अब सरकार, फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स और डोर्ना के साथ त्रिपक्षीय समझौते कर रेस फीस का बोझ साझा करेंगे। इस मामले में डोर्ना की ओर से बताया गया है कि इस सप्ताह के अंत तक सभी वित्तीय दायित्व पूरे कर लिए जाएंगे।
भारत संभावनाओं का देश : कार्मेलो एजपेलेटा
मोटोजीपी के प्रमुख कार्मेलो एजपेलेटा ने कहा है कि भारत संभावनाओं का देश है। ऐसे में हमें यहां पर मोटोजीपी के आयोजन के लिए गंभीर हैं।
-
सरकारी उदासीनता की भेंट चढ़ चुका है फार्मूला-वन
ग्रेनो में फॉर्मूला-एक रेसिंग 2011 से 2013 तक आयोजित की गई थी। मुख्यमंत्री मायावती के समय में इसका पहली बार आयोजन हुआ। साल 2013 में केंद्र या राज्य स्तर सरकार की उदासीनता से इस हाई-प्रोफाइल आयोजन को झटका लगा था और खेल के दीवाने इसको देखने से वंचित हो गए।
-
मार्को बैसेशी ने जीती थी 2023 में मोटोजीपी भारत
भारत में 2023 मोटोजीपी मार्को बैसेशी ने जीती थी। इस बार भी वह रेस के तगड़े दावेदारों में शामिल हैं। दूसरी ओर, विश्व नंबर एक की दौड़ में चल रहे पिछले मोटो जीपी-दो भारत के चैंपियन पेड्रो ऑस्टा और मार्क मार्किज भी जीत के बड़े दावेदारों में शामिल हैं।
तय समय पर होगा मोटो जीपी
मोटो जीपी सितंबर में अपने निर्धारित समय पर आयोजित की जाएगी। रेस के लिए सभी वित्तीय अवरोधों को दूर कर लिया गया है। इसके लिए ‘इंवेस्ट यूपी’, फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स और डोर्ना के बीच त्रिस्तरीय समझौता होना है। - पुष्कर, सीओओ, फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स