मोटो जीपी व यूपी इंटरनेशनल ट्रेड फेयर के दौरान डीटीसी बसों के मार्ग बदलेंगे
- कालिंदी कुंज, डीएनडी व चिल्ला बॉर्डर से नहीं मिलेगी एंट्री, चिल्ला व डीएनडी से लेकर एक्सपो मार्ट व बीआईसी तक लगेंगे 120 कैमरे
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो और मोटो जीपी बाइक रेस के दौरान दिल्ली के चिल्ला, डीएनडी और कालिंदी कुंज के जरिए आवागमन करने वाली डीटीसी बसों के रूट में भी बदलाव किया जाएगा। यह बसें मयूर विहार, कोंडली और झुंडपुरा के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी। इसे लेकर शुक्रवार को दिल्ली, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ जिले के अधिकारियों ने बैठक की।
सेक्टर-14 कार्यालय में यातायात व्यवस्था को लेकर हुई बैठक में बताया गया कि दोनों बड़े कार्यक्रम के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाएगा। डीसीपी यातायात अनिल कुमार यादव ने बताया कि नोएडा-ग्रेनो और यमुना एक्सप्रेसवे पर आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को छोड़कर सभी तरह के व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहेगा। ऐसे वाहन नेशनल हाइवे-9 एवं 24 का प्रयोग कर आ-जा सकेंगे। डीटीसी बसें डीएनडी, कालिंदी कुंज और चिल्ला बॉर्डर के रास्ते प्रवेश नहीं कर मयूर विहार, कोंडली, झुंडपुरा से होकर गंतव्य को जा सकेंगी। महत्वपूर्ण रास्तों पर अतिक्रमण नहीं हो, इसके लिए अवैध रूप से चल रहे वाहनों पर कार्रवाई के लिए एआरटीओ, एआरएम एवं यातायात पुलिस को निर्देश दिए गए हैं।
120 स्थानों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
चिल्ला बॉर्डर व डीएनडी से लेकर कार्यक्रम स्थल एक्सपो मार्ट व बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) तक 120 स्थानों पर आधुनिक स्तर के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस काम को 19 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव ने बताया, पहले से शहर में 181 कैमरे लगे हुए हैं। इसके अलावा 120 कैमरे और लगाए जाने हैं, जो पीए सिस्टम से भी लैस होंगे।