चाइल्ड पीजीआई में नवजात को डिस्चार्ज करवाने वाली माताओं की समझ पर हुआ शोध
वान्या दीक्षित
नोएडा। नवजात शिशुओं (न्यूबॉर्न) की सेहत और सुरक्षा के लिए अस्पताल से छुट्टी के बाद के शुरुआती दिन सबसे नाजुक होते हैं। अक्सर देखा जाता है कि डॉक्टरों के समझाने के बावजूद माताएं घर जाकर देखभाल से जुड़ी कई जरूरी बातें भूल जाती हैं या समझ नहीं पातीं, लेकिन एक ताजा चिकित्सा अध्ययन (क्वालिटी इम्प्रूवमेंट स्टडी) ने साबित कर दिया है कि बिना किसी महंगी दवा या नई मशीन के, सिर्फ संवाद और व्यवस्था में थोड़े सुधार से इस स्थिति को पूरी तरह बदला जा सकता है।
चाइल्ड पीजीआई के नियोनेटेलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रुचि राय ने बताया कि अमेरिकन जर्नल, बीएमसी पीडियाट्रिक्स सेंट्रल में प्रकाशित यह अध्ययन 350 महिलाओं पर किया गया था। विभाग की ओर से अप्रैल 2023 से अगले 14 महीनों तक चले इस विशेष अध्ययन में संस्थान में भर्ती बच्चों को डिस्चार्ज करवाने वाली माताओं को शामिल किया गया था। मदर-न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एमएनसीयू) से छुट्टी लेकर जाने वाले बच्चों के फॉलोअप के दौरान डॉक्टरों ने महसूस किया कि माताएं घर पर बच्चों की सही देखभाल नहीं कर पा रही हैं। इसकी असली वजह जानने के लिए डॉक्टरों ने 10 बुनियादी सवालों की एक प्रश्नावली तैयार की और करीब 350 माताओं से फॉलो-अप के दौरान मौखिक सवाल पूछे। इस दौरान डिस्चार्ज की प्रक्रिया में चार व्यावहारिक बदलाव लागू किए। ऐसे में शिशु की देखभाल के नियमों को सही से समझने वाली माताओं का आंकड़ा 50 प्रतिशत से उछलकर सीधे 90 प्रतिशत पर पहुंच गया।
चौंकाने वाले नतीजे और वजह
डॉ. रुचि ने बताया कि अध्ययन के दौरान माताओं के हर सही जवाब के लिए 1 नंबर के हिसाब से उनका औसत स्कोर केवल 5 (यानी 50%) ही आया। चाहे मां पढ़ी-लिखी हो या कम पढ़ी-लिखी, आधी बातें उन्हें समझ ही नहीं आ रही थीं। डॉक्टर को इसकी वजह पता चली कि जिस दिन बच्चे की छुट्टी होती है, उस दिन माताएं और परिजन अस्पताल की बिलिंग, कागजी कार्रवाई, घर जाने के लिए गाड़ी का इंतजाम करने और घर पर व्यवस्था बनाने की भागदौड़ में उलझे रहते हैं। उस तनाव भरे माहौल में वह डॉक्टर या नर्स द्वारा दी जा रही जरूरी हिदायतों पर ध्यान नहीं दे पाते।
चार बदलाव से बदली स्थिति
शांत और अलग काउंसलिंग कॉर्नर-वार्ड की भीड़भाड़ और शोर से दूर, एक अलग जगह पर टेबल-कुर्सी की व्यवस्था की गई। यहां डॉक्टर या नर्स मां के सामने बैठकर उन्हें सारी बातें समझाते थे और अंत में उनसे पूछते थे कि क्या उन्हें सब समझ आ गया है या कोई सवाल है।
तस्वीरों वाली खास पिक्चर बुकलेट - शब्दों के बजाय चित्रों का असर ज्यादा होता है। इसी सोच के साथ एक स्पाइरल बाइंड पिक्चर बुकलेट तैयार की गई। नर्सें पन्ने पलट-पलट कर चित्रों के जरिये माताओं को समझाती थीं।
परिवार के अन्य सदस्य की मौजूदगी अनिवार्य - काउंसलिंग के समय मां के साथ बच्चे के पिता, दादा-दादी या परिवार के किसी अन्य जिम्मेदार सदस्य का बैठना अनिवार्य किया गया ताकि घर जाकर सभी एक ही नियम का पालन करें।
एक दिन पहले छुट्टी की सूचना - नई व्यवस्था में परिवार को एक दिन पहले बता दिया जाने लगा कि कल छुट्टी होगी। इससे परिजनों को गाड़ी और कागजी काम निपटाने का पूरा समय मिल गया और वे डिस्चार्ज के दिन तनावमुक्त रहे।