-रेल पटरियों के किनारे 50-60 मीटर तक एंटी लार्वा व कीटनाशकों का होगा छिड़काव
-एमसीडी और रेलवे का बीमारी की रोकथाम को अभिनव प्रयोग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में डेंगू और मच्छर जनित बीमारियों की बढ़ती चुनौतियों के बीच एमसीडी ने उत्तर रेलवे के सहयोग से बड़ा कदम उठाया है। इस कड़ी में मॉस्क्वीटो टर्मिनेटर ट्रेन दिल्ली की पटरियों पर दौड़ना शुरू कर दिया है। मेयर राजा इकबाल सिंह ने शुक्रवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से मॉस्क्वीटो टर्मिनेटर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस विशेष ट्रेन के जरिए रेलवे पटरियों के किनारे 50–60 मीटर तक एंटी-लार्वा और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाएगा। इसके लिए एक विशेष पावर स्प्रेयर युक्त ट्रक को रेलवे वैगन पर लगाया गया है, जिससे उन कठिन स्थानों तक भी दवाई का छिड़काव संभव होगा, जहां मैन्युअली पहुंचना मुश्किल है। इस मौके पर मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि यह ट्रेन सिर्फ एक वाहन नहीं बल्कि दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य की रक्षा की ढाल है। बरसात के मौसम में रेल पटरियों के किनारे पानी जमा हो जाता है, जिससे मच्छरों का प्रजनन बढ़ता है। इस अभियान के जरिए डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा। आयुक्त अश्विनी कुमार ने बताया कि यह संयुक्त अभियान सितंबर माह तक लगातार जारी रहेगा। पिछले वर्ष की तुलना में इस साल अब तक डेंगू के कम मामले आए हैं, लेकिन एमसीडी किसी भी लापरवाही की गुंजाइश नहीं छोड़ना चाहता। उन्होंने जनता से अपील की कि वे घरों और आसपास पानी जमा न होने दें और सफाई पर विशेष ध्यान दें।